Purvanchal Expressway Horrific Crash: आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 238 माइल स्टोन के पास शनिवार 16 मई को दिल दहला देने वाली दुर्घटना हुई. एक झपकी ने पूरे परिवार को खत्म कर दिया. कार चाल रहे मनीष श्रीवास्तव (38) को अचानक झपकी आई, जिससे कार कंटेनर में घुस गई. कंटेनर चालक को हादसे का पता ही नहीं चला वो कार को एक किलोमीटर तक घसीट ले गया. लोगों की सूचना पर पुलिस ने कंटेनर को रुकवाया.
दंपति समेत दो बेटियों और बेटे की भी मौत
जानकारी के अुनसार, बिहार के सिवान जिले में स्थित सिसवन निवासी मनीष श्रीवास्तव (38) शनिवार 16 मई को कार से पत्नी कंचन श्रीवास्तव (35), बेटी अदिती (16), आस्था (14) और 15 वर्षीय बेटे के साथ घर से निकले थे. सभी स्विफ्ट कार से फरीदाबाद जा रहे थे. वह आजमगढ़ जिले के कंधरापुर थाना क्षेत्र के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 239 माइल स्टोन के पास पहुंचे, तभी कार चला रहे मनीष को अचानक झपकी आ गई. इसी बीच कार आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से घुस गई. कंटेनर चालक कार को एक किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया. बाद में पुलिस ने कंटेनर को रुकवाया.
बिहार से रवाना हो गए परिवार के सदस्य
हादसे की सूचना पर थाना कंधरापुर पुलिस, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी, सीसी टीम, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस मौके पर पहुंची. क्रेन की मदद से कार को काटकर शवों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के माध्यम से मोर्चरी भेजा गया. पुलिस ने हादसे की सूचना सिवान के सिसवन में रह रहे मनीष के परिवार को दी. परिवार के सदस्य आजमगढ़ के लिए रवाना हो गए हैं. उनके आने पर पीएम कर सभी शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे.
आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, एक परिवार के पांच लोगों की मौत
परिजनों को दे दी गई है सूचना
एसपी डॉक्टर अनिल कुमार ने बताया कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 238 माइलस्टोन पर एक स्विफ्ट डिजायर तेज रफ्तार से चलते हुए एक ट्रेलर में पीछे से टकरा गई. हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई. परिजनों को सूचना दे दी गई है, जो भी विधिक करवाई है वह कराई जाएगी.
(आजमगढ़ से रवि सिंह की रिपोर्ट)














