महिला को 12 दिन बंधक बनाकर किया दुष्कर्म, फिर जबरन करवाया निकाह, 5 आरोपी गिरफ्तार 

अलीगढ़ के थाना गांधी पार्क क्षेत्र से महिला सुरक्षा को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. आरोप है कि गाजियाबाद की एक महिला को होटल में 12 दिन बंधक बनाकर रखा गया, उसके साथ बार‑बार दुष्कर्म किया गया और जबरन निकाह कराया गया.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Aligarh Rape and Forced Nikah Case: अलीगढ़ से एक बेहद गंभीर और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने महिला सुरक्षा पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. आरोप है कि गाजियाबाद की रहने वाली एक महिला को होटल में 12 दिन तक बंधक बनाकर रखा गया, उसके साथ बार‑बार दुष्कर्म किया गया और फिर दबाव बनाकर जबरन निकाह करा दिया गया. पीड़िता किसी तरह जान बचाकर पुलिस तक पहुंची, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ और पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

यह सनसनीखेज मामला अलीगढ़ के थाना गांधी पार्क क्षेत्र का है. घटना जीटी रोड पर स्थित ग्रीन पैलेस होटल की बताई जा रही है. जांच में सामने आया कि यह होटल बिना वैध रजिस्ट्रेशन के चल रहा था, जहां पीड़िता को बंधक बनाकर रखा गया.

दोस्ती से शुरू हुआ धोखे का खेल

पीड़िता के मुताबिक, मुख्य आरोपी आदिल अहमद ने पहले उससे दोस्ती की. विश्वास में लेने के बाद उसने बहला‑फुसलाकर महिला को अलीगढ़ बुलाया. यहां आने के बाद उसे होटल में ले जाया गया, जहां उसकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई.

12 दिन तक बंधक बनाकर दुष्कर्म का आरोप

महिला का आरोप है कि होटल में उसे करीब 10 से 12 दिनों तक जबरन बंद कर रखा गया. इस दौरान उसके साथ लगातार दुष्कर्म किया गया. पीड़िता ने बताया कि उसे शारीरिक ही नहीं, बल्कि मानसिक रूप से भी प्रताड़ित किया गया.

Advertisement

आरोप है कि दुष्कर्म के साथ‑साथ महिला पर लगातार दबाव बनाया गया और डराकर उससे जबरन निकाह भी कराया गया. पीड़िता का कहना है कि वह बुरी तरह डरी हुई थी और किसी तरह वहां से निकलने का मौका तलाश रही थी.

किस तरह बची पीड़िता

काफी मशक्कत के बाद पीड़िता आरोपियों के चंगुल से निकलने में कामयाब रही. इसके बाद वह सीधे पुलिस के पास पहुंची और पूरी घटना की जानकारी दी. शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया. थाना गांधी पार्क पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की. जांच में यह सामने आया कि इस पूरे मामले में होटल के अन्य लोग भी शामिल थे. इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

Advertisement

कौन‑कौन आरोपी गिरफ्तार?

पुलिस ने मुख्य आरोपी आदिल अहमद के साथ‑साथ होटल मालिक वीरू उर्फ कुमार, दिल्ली निवासी रिसेप्शनिस्ट लक्ष्मी और जबरन निकाह कराने में शामिल लवकुश व प्रमोद को गिरफ्तार किया है. सभी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

पुलिस और प्रशासन का बयान

एसपी सिटी अलीगढ़ आदित्य बंसल ने कहा कि महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है और जांच में गंभीर अपराध सामने आए हैं. सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और सख्त कार्रवाई की जा रही है. वहीं जिला अस्पताल के डॉक्टर डॉ. कासिम ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और रिपोर्ट की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.

समाज में आक्रोश और कार्रवाई की मांग

इस घटना के सामने आने के बाद सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों में भारी नाराजगी है. पूर्व महापौर शकुंतला भारती और समाजसेवी एके शर्मा ने इस मामले को शर्मनाक बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी सजा और महिला सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की है.

Featured Video Of The Day
Breaking News | ओवरटेक बना मौत का कारण! अहमदाबाद में हिंसा | Ahmedabad News | NDTV India