तपती धूप में अब ड्यूटी होगी आसान, ट्रैफिक पुलिस के लिए आई 'स्मार्ट कूलिंग जैकेट', जानें क्या है ये और कैसे 8 घंटे तक बॉडी को रखेगी कूल

Cooling jackets for Traffic Police: रांची पुलिस ने ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के लिए 'कूलिंग जैकेट' का ट्रायल शुरू किया है. आइए जानते हैं ये जैकेट किस तरह काम करेगी-

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
ट्रैफिक पुलिस के लिए आई हाईटेक कूलिंग जैकेट

Cooling jackets for Traffic Police: देश के कई हिस्सों में गर्मी लगातार बढ़ रही है. कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है. तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच सबसे ज्यादा परेशानी उन लोगों को होती है, जिन्हें घंटों बाहर रहकर काम करना पड़ता है. ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी उन्हीं में शामिल हैं. सड़क पर खड़े होकर ट्रैफिक संभालना आसान काम नहीं है, खासकर तब जब गर्मी बेहद ज्यादा हो. ऐसे में रांची पुलिस ने ट्रैफिक जवानों को राहत देने के लिए एक नई और तकनीक आधारित पहल शुरू की है.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रांची पुलिस ने ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के लिए एक 'कूलिंग जैकेट' का ट्रायल शुरू किया है. फिलहाल पांच ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को यह खास जैकेट दी गई है और शहर के अलग-अलग इलाकों में उन्हें धूप के बीच ड्यूटी भी कराई जा रही है. आइए जानते हैं ये जैकेट किस तरह काम करेगी. 

इन-बिल्ट फैन देगा ठंडक

दरअसल, इस कूलिंग जैकेट में इन-बिल्ट फैन सिस्टम है. जैकेट के अंदर लगा फैन लगातार हवा का प्रवाह बनाए रखता है. इससे शरीर का तापमान संतुलित रहता है और जवान लंबे समय तक गर्मी में भी आराम से ड्यूटी कर सकते हैं. तेज धूप में खड़े रहने के बावजूद उन्हें पहले की तुलना में ज्यादा राहत मिल सकती है.

8 घंटे तक करती है काम

यह जैकेट पावर बैंक से चलती है और एक बार फुल चार्ज होने के बाद करीब आठ घंटे तक लगातार काम कर सकती है. इसका मतलब है कि ट्रैफिक ड्यूटी के दौरान बार-बार चार्जिंग की चिंता नहीं होगी. लंबे समय तक बाहर रहने वाले पुलिसकर्मियों के लिए यह काफी उपयोगी साबित हो सकती है.

Advertisement
धूप और रात दोनों में सुरक्षा

कूलिंग जैकेट का कपड़ा एसपीएफ 50 सुरक्षा के साथ आता है. यह तेज धूप और हानिकारक किरणों से बचाने में मदद करता है. वहीं, रात की ड्यूटी को ध्यान में रखते हुए जैकेट में रिफ्लेक्टिव रेडियम स्ट्रिप्स भी लगाई गई हैं. इससे दूर से भी पुलिसकर्मी आसानी से दिखाई दे सकेंगे, जिससे सुरक्षा बेहतर होगी.

सफल ट्रायल के बाद बढ़ेगा इस्तेमाल

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभी पांच जैकेट का ट्रायल चल रहा है. अगर इसका अच्छा परिणाम मिलता है और जवानों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलती है, तो आगे और जैकेट खरीदी जाएंगी. भविष्य में इसे झारखंड के अन्य शहरों में भी लागू किया जा सकता है.

Advertisement

यह भी पढ़ें- UPSC अभ्यर्थियों के लिए DMRC का खास इंतजाम, रविवार को 1 घंटा पहले चलेगी दिल्ली मेट्रो, इन लाइनों का बदला समय

Featured Video Of The Day
पारा 50 डिग्री पार, दिल्ली, यूपी समेत इन राज्यों में हालात बेकाबू, आ गया रेड ALERT
Topics mentioned in this article