PM Kisan Next Installment Date 2026: पिछले महीने देश के 9.44 करोड़ से ज्यादा किसानों के बैंक खातों में पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त का पैसा भेजा गया था. इसके तहत सरकार ने 18,880 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि सीधे किसानों के खातों में सीधे ट्रांसफर की थी. अब देश भर के करोड़ों किसानों की नजर अगली यानी पीएम किसान योजना की 24वीं किस्त (PM Kisan 24th Installment) पर टिकी हुई है. अगर आप भी चाहते हैं कि 2,000 रुपये की अगली किस्त बिना किसी परेशानी के आपके खाते में आए, तो कुछ जरूरी काम अभी से पूरे कर लेना जरूरी है. जरा सी लापरवाही आपकी किस्त रोक सकती है. आइए जानते हैं पीएम किसान योजना का लाभ लेने के लिए कौन से काम निपटाने जरूरी हैं.
इसके साथ ही ये भी बताएंगे कि पीएम किसान की 24वीं किस्त (PM Kisan Samman Nidhi Yojana 24th installment) कब आ सकती है, कैसे चेक करें कि आपको अगली किस्त का पैसा मिलेगा या नहीं और किन किसानों को इस योजना का लाभ नहीं मिलता.
PM Kisan की 24वीं किस्त के लिए e-KYC जरूरी
अगर आप पीएम किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Samman Nidhi Yojana) के लाभार्थी हैं तो सबसे पहले अपनी e-KYC जरूर पूरी करा लें. सरकार ने इसे अनिवार्य किया है ताकि योजना का पैसा सही किसान तक पहुंचे. जिन किसानों की e-KYC पूरी नहीं होगी, उनकी अगली किस्त अटक सकती है.
सरकार ने पीएम किसान योजना के तहत, e-KYC कराने के तीन तरीके दिए हैं. पहला, PM Kisan पोर्टल या मोबाइल ऐप पर OTP के जरिए e-KYC कर सकते हैं. दूसरा, CSC या SSK सेंटर पर जाकर बायोमेट्रिक e-KYC करा सकते हैं. तीसरा, PM Kisan Mobile App के जरिए फेस ऑथेंटिकेशन से भी e-KYC पूरी की जा सकती है. तो आपको जैसा सही लगे आज ये काम फटाफट निपटा लें.
सिर्फ e-KYC नहीं, Farmer ID भी जरूरी
इस बार सिर्फ e-KYC कराना ही काफी नहीं है. सरकार ने साफ कर दिया है कि जिन किसानों के पास Unique Farmer ID नहीं होगी, उनकी अगली किस्त भी रुक सकती है. Farmer ID किसान की डिजिटल पहचान है, जिसमें उसकी जमीन, खेती और दूसरी जरूरी जानकारी जुड़ी रहती है. इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि योजना का लाभ सिर्फ पात्र किसानों तक ही पहुंचे और फर्जी रजिस्ट्रेशन पर रोक लग सके.
इन गलतियों की वजह से भी अटक सकती है किसान योजना की अगली किस्त
कई बार सिर्फ e-KYC या Farmer ID की वजह से ही किस्त नहीं रुकती. अगर आपके आधार और बैंक अकाउंट की जानकारी मैच नहीं हे, बैंक अकाउंट बंद हो चुका है, IFSC कोड बदल गया है या बैंक KYC अपडेट नहीं है, तब भी पैसा अटक सकता है. इसलिए इन सभी डिटेल्स को समय रहते अपडेट करा लेना जरूरी है.
आधार को बैंक खाते से लिंक कराना भी जरूरी
अगर आपने अभी तक अपने आधार कार्ड को बैंक खाते से लिंक नहीं कराया है तो यह काम भी जल्द पूरा कर लें. इसके लिए आपको अपने बैंक में जाकर प्रक्रिया पूरी करनी होगी. आधार लिंक नहीं होने पर भी पीएम किसान योजना की किस्त रुक सकती है.
जमीन से जुड़ी जानकारी भी सही होनी चाहिए
अगर जमीन के रिकॉर्ड में कोई गड़बड़ी है, म्यूटेशन लंबित है या जमीन किसी विवाद में है, तो सिस्टम आपको अपात्र मान सकता है. ऐसे मामलों में किसान को अपने नजदीकी संबंधित कार्यालय में जाकर रिकॉर्ड अपडेट कराना चाहिए, ताकि अगली किस्त में कोई परेशानी न आए.
PM Kisan योजना क्या है?
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत फरवरी 2019 में हुई थी. इसका उद्देश्य छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक मदद देना है ताकि खेती का खर्च उठाने में आसानी हो. इस योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को हर साल 6,000 रुपये की सहायता दी जाती है. यह राशि तीन बराबर किस्तों में 2,000-2,000 रुपये करके सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है. अब तक सरकार 23 किस्तें जारी कर चुकी है.
PM Kisan की 24वीं किस्त कब आएगी?
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि पीएम किसान की 24वीं किस्त कब आएगी. सरकार ने अभी तक इसकी कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की है. हालांकि, पिछले पैटर्न को देखें तो उम्मीद की जा रही है कि 24वीं किस्त अक्टूबर 2026 में जारी हो सकती है. अगर हर चार महीने के अंतराल वाला पैटर्न जारी रहता है तो जून में 23वीं किस्त आने के बाद अगली किस्त अक्टूबर में आ सकती है. फिलहाल किसानों को सरकार की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा.
किन किसानों को नहीं मिलेगा PM Kisan का फायदा?
पीएम किसान योजना की गाइडलाइन के मुताबिक, कुछ लोगों को इस योजना का लाभ नहीं मिलता. अगर आप इनकम टैक्स भरते हैं, सरकारी कर्मचारी हैं (कुछ श्रेणियों को छोड़कर), विधायक, सांसद या मेयर जैसे चुने हुए प्रतिनिधि हैं या रह चुके हैं, 10,000 रुपये या उससे ज्यादा मासिक पेंशन लेते हैं, डॉक्टर, इंजीनियर या वकील जैसे प्रोफेशनल हैं या आपके नाम खेती योग्य जमीन नहीं है, तो आप इस योजना के लिए पात्र नहीं माने जाएंगे.
कैसे चेक करें कि आपके खाते में अगली किस्त आएगी या नहीं?
अगर आप जानना चाहते हैं कि आपका नाम बेनिफिशियरी लिस्ट में है या नहीं, तो घर बैठे आसानी से चेक कर सकते हैं.
- इसके लिए PM Kisan पोर्टल पर जाएं.
- वहां Farmers Corner में जाकर Beneficiary List पर क्लिक करें. ॉइसके बाद अपना राज्य, जिला, ब्लॉक और गांव चुनें.
- फिर Get Report पर क्लिक करते ही आपके गांव के लाभार्थियों की पूरी लिस्ट स्क्रीन पर दिखाई दे जाएगी.
अभी पूरा कर लें ये काम, तभी बिना रुके आएंगे 2,000 रुपये
अगर आप चाहते हैं कि पीएम किसान योजना की 24वीं किस्त बिना किसी रुकावट के आपके बैंक खाते में पहुंचे, तो अभी e-KYC पूरी करा लें, Farmer ID बनवा लें, आधार को बैंक खाते से लिंक कराएं और बैंक - जमीन से जुड़ी सभी जानकारियां अपडेट करा लें. एक छोटी सी लापरवाही से भी आपकी अगली 2,000 रुपये की किस्त अटक सकती है. इसलिए समय रहते सभी जरूरी काम पूरे कर लेना ही समझदारी है.