Rameshwaram Tour Package: अगर आप लंबे समय से दक्षिण भारत के किसी धार्मिक स्थल की यात्रा का प्लान बना रहे हैं, लेकिन बजट की वजह से बात नहीं बन पा रही है, तो अब आपके लिए शानदार मौका है. IRCTC श्रद्धालुओं के लिए बेहद सस्ता और खास रामेश्वरम टूर पैकेज लेकर आया है. इस पैकेज के जरिए यात्री सिर्फ 2350 रुपये में भगवान शिव के प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग रामनाथस्वामी मंदिर के दर्शन कर सकेंगे. यात्रा के दौरान कई धार्मिक और पर्यटन स्थलों की सैर भी कराई जाएगी. खास बात ये है कि एक दिन के इस ट्रिप में यात्रियों को आरामदायक सफर, कैब सुविधा और ट्रैवल इंश्योरेंस जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी. कम बजट में धार्मिक यात्रा करने वालों के लिए ये पैकेज काफी आकर्षक माना जा रहा है.
एक दिन का खास टूर पैकेज
IRCTC का ये Rameshwaram One Day Trip पैकेज एक दिन का है. यात्रा की शुरुआत मदुरै से होगी और यात्री सुबह 6 बजे रवाना होंगे. करीब 9:30 बजे तक श्रद्धालु रामेश्वरम पहुंच जाएंगे. इस पैकेज का कोड SMH109 रखा गया है.
रामनाथस्वामी मंदिर के होंगे दर्शन
इस यात्रा में श्रद्धालुओं को प्रसिद्ध रामनाथस्वामी मंदिर ले जाया जाएगा. ये मंदिर भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक माना जाता है. यहां दर्शन के साथ श्रद्धालु धार्मिक माहौल का अनुभव भी कर सकेंगे.
पंबन ब्रिज देखने का मिलेगा मौका
यात्रा के दौरान पर्यटक ऐतिहासिक पंबन ब्रिज का नजारा भी देख सकेंगे. समुद्र के ऊपर बना ये पुल भारत के सबसे चर्चित समुद्री पुलों में गिना जाता है. यहां का दृश्य यात्रियों को खास अनुभव देगा.
अग्नि तीर्थम में कर सकेंगे स्नान
रामेश्वरम पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं को अग्नि तीर्थम में समुद्र स्नान का मौका मिलेगा. धार्मिक मान्यताओं के कारण यहां स्नान को बेहद खास माना जाता है. बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं.
इन जगहों की भी कराई जाएगी सैर
दोपहर के भोजन के बाद यात्रियों को पंचमुखी हनुमान मंदिर और रामर पदम जैसी जगहों पर भी ले जाया जाएगा. वापसी के दौरान पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम मेमोरियल भी दिखाया जाएगा.
कितने रुपये में मिलेगा पैकेज
अगर कोई यात्री अकेले यात्रा करता है, तो उसे 7150 रुपये देने होंगे. दो लोगों के साथ यात्रा करने पर प्रति व्यक्ति किराया 3600 रुपये रखा गया है. वहीं तीन लोगों के साथ यात्रा करने पर प्रति व्यक्ति 2400 रुपये खर्च होंगे.
रात तक होगी वापसी
पूरी यात्रा खत्म होने के बाद यात्री रात करीब 10 बजे मदुरै वापस पहुंच जाएंगे. ऐसे में कम समय और कम बजट में धार्मिक यात्रा करने वालों के लिए ये पैकेज शानदार ऑप्शन साबित हो सकता है.














