ट्रेन की टिकट बुक करते समय होने वाली परेशानी अब जल्दी ही खत्म होने वाली है. धीमी वेबसाइट, उलझाने वाले कैप्चा और बार-बार आने वाले पॉप-अप्स से अब ग्राहकों को दो चार नहीं होना पड़ेगा. ऐसा इसलिए क्योंकि भारतीय रेलवे जल्द ही आईआरसीटीसी की नई वेबसाइट का बीटा वर्जन लॉन्च करने वाला है. कुछ ही समय पहले रेलवे के अधिकारियों और एमएनआईटी जयपुर के छात्रों ने इस नई वेबसाइट के बीटा वर्जन का रिव्यू किया और उस पर अपनी राय दी. कुछ सप्ताह पहले ही MNIT के छात्रों ने अभी की IRCTC वेबसाइट की कई तकनीकी कमियां बताईं थीं, जिसके बाद रेल मंत्रालय ने 15 जुलाई तक वेबसाइट के यूजर इंटरफेस और परफॉर्मेंस में बड़े सुधार की बात कही थी.
बीटा वर्जन में दिखेंगे ये 4 बड़े बदलाव
- बदलावों की बात करें तो अब टिकट बुक करते समय चमकदार और परेशान करने वाले ग्राफिक्स के साथ विज्ञापन नहीं दिखेंगे. कैप्चा को आसान और छोटा कर दिया है, जिससे लॉगिन में टाइम ना लगे.
- यात्रियों को अब अलग-अलग क्लास जैसे स्लीपर, 3AC, 2AC पर क्लिक करके सीट चेक नहीं करनी होगी. सभी क्लास की मौजूद सीट एक साथ एक ही स्क्रीन पर दिखाई देगी.
- टिकट बुक करने का प्रोसेस को छोटा कर दिया है. यानी पहले के मुकाबले अब बहुत कम स्टेप्स में आपकी टिकट बुक हो जाएगी.
- अक्सर यात्रियों को हर बार पूरी डिटेल भरनी पड़ती है. अब पैसेंजर्स की जानकारी सेव रहेगी, जिससे हर बार डिटेल भरने की जरूरत नहीं होगी.
40 साल पुराना सिस्टम होगा अपग्रेड
ये सिर्फ थोड़े ही बदलाव नहीं है, बल्कि रेलवे अपने पूरे ढांचे को बदल रहा है. अभी के समय में इस नई वेबसाइट को भारतीय रेलवे के पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम से लिंक किया कर रहे हैं. रेलवे का ये रिजर्वेशन सिस्टम करीब 40 साल पुराना है, जिसे अब पूरी तरह से अपग्रेड किया जा रहा है. साथ ही रेलवे एक नया पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन भी लॉन्च करने की तैयारी में है. इस पूरे अपग्रेडेशन के बाद, अगले कुछ महीनों में ये नई वेबसाइट लाइव कर हो जाएगी, जिससे टिकट बुकिंग की स्पीड बढ़ेगी.
फर्जी ऑटोमैटिक बुकिंग पर लगेगी लगाम
रेल मंत्रालय के अनुसार, तत्काल टिकटों की बुकिंग के दौरान फर्जी ऑटोमैटिक बुकिंग को रोकने के लिए ये बड़ा फैसला लिया है. यानी तत्काल टिकट बुकिंग में होने वाली धांधली पर बहुत हद तक लगाम लगेगी. इस सुविधा में उठाए गए कदम से तत्काल टिकट की बुकिंग पहले के मुकाबले मजबूत हुई है.