IRCTC लाया तीर्थ यात्रा करने का मौका, 25 हजार में 10 जगह के दर्शन कीज‍िए, जून-जुलाई का पूरा शेड्यूल यहां

IRCTC की भारत गौरव ट्रेनों से जून और जुलाई 2026 में कई धार्मिक यात्राएं शुरू होने जा रही हैं. इन पैकेज में ट्रेन, होटल, भोजन और घूमने की सुविधा शामिल है. नेपाल दर्शन से लेकर सात ज्योतिर्लिंग और दक्षिण भारत यात्रा तक की पूरी डिटेल सामने आई है.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
IRCTC टूर पैकेज.
एआई से फोटो बनाई गई है.

IRCTC Bharat Gaurav Train Tour: तीर्थ यात्रा का सपना तो हर किसी का होता है, लेकिन टिकट बुकिंग, होटल की व्यवस्था और लंबे सफर की चिंता कई लोगों को पीछे रोक देती है. खासकर बुजुर्गों के लिए ये काम और मुश्किल हो जाता है. अब IRCTC ने भारत गौरव ट्रेनों के जरिए इस परेशानी को काफी आसान बना दिया है. सिर्फ 20 से 25 हजार रुपये में लोग 10 से 12 दिन की धार्मिक यात्रा कर सकते हैं. इस पैकेज में ट्रेन यात्रा, होटल में ठहरने, शाकाहारी भोजन, AC बस और यात्रा सुरक्षा जैसी कई सुविधाएं शामिल हैं. खास बात ये है कि जून और जुलाई 2026 में अलग-अलग राज्यों से कई धार्मिक यात्राएं शुरू होने जा रही हैं, जिनमें नेपाल दर्शन से लेकर सात ज्योतिर्लिंग और दक्षिण भारत तक के प्रसिद्ध मंदिर शामिल हैं.

क्यों खास है भारत गौरव ट्रेन का पैकेज

  • IRCTC के इस पैकेज में यात्रियों को हर जरूरी सुविधा एक साथ मिलती है. लोगों को अलग-अलग होटल और टिकट बुक करने की जरूरत नहीं पड़ती. ट्रेन में आरामदायक सफर, होटल में रुकने और शुद्ध शाकाहारी भोजन की सुविधा दी जाती है.
  • यात्री अपने बजट के हिसाब से स्लीपर क्लास से लेकर 1st AC तक कोच चुन सकते हैं. रेलवे स्टेशन से तीर्थ स्थलों तक ले जाने के लिए AC बसों की व्यवस्था भी रहती है.
  • सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा जाता है. सफर के दौरान टूर एस्कॉर्ट हमेशा यात्रियों के साथ रहता है. इसके अलावा हर यात्री को 10 लाख रुपये तक का यात्रा बीमा भी मिलता है.

बिना पासपोर्ट और वीजा के नेपाल यात्रा

भारत गौरव ट्रेन के जरिए नेपाल दर्शन का मौका भी दिया जा रहा है. यात्रियों को काठमांडू के प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर, चितवन और पोखरा जैसी जगहों पर घूमने का मौका मिलेगा. इसके लिए पासपोर्ट और वीजा की जरूरत नहीं होगी. बॉर्डर स्टेशन से आगे की यात्रा बसों के जरिए कराई जाएगी.

जून-जुलाई 2026 की पूरी यात्रा डिटेल्स

द्वारका और 7 धाम यात्रा
  • यात्रा शुरू होने की तारीख: 1 जून 2026.
  • यात्रा का समय 10 रातें और 11 दिन रहेगा.
  • बोर्डिंग स्टेशन जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर होंगे.
  • यात्रियों को नागेश्वर, भीमाशंकर, घृष्णेश्वर, महाकालेश्वर, द्वारकाधीश मंदिर, सोमनाथ और त्र्यंबकेश्वर के दर्शन कराए जाएंगे.
नेपाल दर्शन यात्रा
  • यात्रा की तारीख: 12 जून और 24 जून 2026.
  • यात्रा का समय 9 रातें और 10 दिन रहेगा.
  • बोर्डिंग स्टेशन इंदौर, उज्जैन, सीहोर, भोपाल, इटारसी, जबलपुर, कटनी और सतना होंगे.
  • यात्रियों को काठमांडू का पशुपतिनाथ मंदिर, चितवन और पोखरा घुमाया जाएगा.
सात ज्योतिर्लिंग यात्रा
  • यात्रा शुरू होने की तारीख: 12 जून 2026.
  • यात्रा का समय 11 रातें और 12 दिन रहेगा.
  • बोर्डिंग स्टेशन ऋषिकेश, हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ और कानपुर होंगे.
  • महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, नागेश्वर, सोमनाथ, घृष्णेश्वर, भीमाशंकर और त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे.
पुरी-कामाख्या-बैद्यनाथ धाम यात्रा
  • यात्रा शुरू होने की तारीख: 25 जून 2026.
  • यात्रा का समय 11 रातें और 12 दिन रहेगा.
  • बोर्डिंग स्टेशन पुणे, नासिक, मनमाड, भुसावल, अकोला और नागपुर होंगे.
  • यात्रियों को जगन्नाथ पुरी, कामाख्या देवी, बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग, काशी विश्वनाथ और अयोध्या के दर्शन कराए जाएंगे.
दक्षिण भारत यात्रा
  • यात्रा शुरू होने की तारीख: 14 जुलाई 2026.
  • यात्रा का समय 12 रातें और 13 दिन रहेगा.
  • बोर्डिंग स्टेशन दुमका, हंसडीहा, भागलपुर, सुलतानगंज, जमालपुर, बख्तियारपुर, पटना साहिब, पटना और आरा होंगे.
  • यात्रियों को तिरुपति, रामेश्वरम, कन्याकुमारी, मदुरै और मल्लिकार्जुन मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे.

अकेले यात्रा करने वालों के लिए भी सुरक्षित

अगर आपके बच्चे विदेश में रहते हैं या परिवार किसी वजह से साथ नहीं जा पा रहा, तब भी आप अकेले इस यात्रा पर जा सकते हैं. IRCTC की तरफ से यात्रियों की हर छोटी-बड़ी जरूरत का ध्यान रखा जाता है. यही वजह है कि बुजुर्गों के बीच ये पैकेज तेजी से लोकप्रिय हो रहा है.

बुकिंग और संपर्क की जानकारी

बुकिंग करने के लिए यात्री IRCTC Tourism की वेबसाइट का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके अलावा अलग-अलग रेलवे जोन के हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं.

Advertisement
  • टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800110139
  • नॉर्थ जोन नंबर +91-97176 40700
  • साउथ जोन नंबर +91-82879 32000
  • ईस्ट जोन नंबर +91-85959 11500
  • वेस्ट जोन नंबर +91-82879 31875
  • साउथ सेंट्रल रेलवे जोन नंबर +91-97013 60702

यह भी पढ़ें: लोगों की सुविधा के लिए PM-WANI वाई-फाई में किए गए कई सुधार, QR कोड से कर सकेंगे लॉगिन, जान लें नए प्लान

Featured Video Of The Day
खंडहर गाजा में कैसे मन रही है बकरीद, 1 किलो मांस तक नहीं खरीद पा रहे मुस्लिम
Topics mentioned in this article