Indian Railways: अगर आप होली के मौके पर घर जाने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद काम की है. भारतीय रेलवे ने होली को देखते हुए मार्च महीने में देशभर में 1,410 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है. यात्रियों की बढ़ती मांग के अनुसार यह संख्या 1,500 तक भी बढ़ाई जा सकती है. इन विशेष ट्रेनों का उद्देश्य त्योहार के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करना और प्रमुख जगहों के बीच यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है. जानकारी के लिए बता दें कि 2025 में भारतीय रेलवे ने होली के दौरान 1,144 स्पेशल ट्रेनें चलाई थीं.
यह भी पढ़ें: PM Kisan Yojana 22nd Installment: पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त का इंतजार हुआ खत्म, होली से पहले किसानों को मिलेगी गुड न्यूज
ईस्ट सेंट्रल रेलवे चलाएगा सबसे ज्यादा स्पेशल ट्रेनें
होली के मौके पर ईस्ट सेंट्रल रेलवे (East Central Railway) सबसे ज्यादा 285 स्पेशल ट्रेनें चलाएगा. इसके बाद वेस्टर्न रेलवे (Western Railway) 231 ट्रेनें और सेंट्रल रेलवे (Central Railway) 209 ट्रेनें संचालित करेगा. वहीं, साउथ सेंट्रल रेलवे (South Central Railway) 160 स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना बना रहा है, जबकि नॉर्दर्न रेलवे (Northern Railway) 108 ट्रेनें चलाएगा. बाकी जोन की बात करें तो नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे (North Western Railway) 71 ट्रेनें और नॉर्थ सेंट्रल रेलवे (North Central Railway) 66 ट्रेनें चलाएगा. इसके अलावा नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे (North Eastern Railway) और ईस्ट कोस्ट रेलवे (East Coast Railway) 62‑62 स्पेशल ट्रेनें संचालित करेंगे.
साउथ वेस्टर्न रेलवे (South Western Railway) होली के लिए 47 स्पेशल ट्रेनें चलाएगा. वहीं, वेस्ट सेंट्रल रेलवे (West Central Railway) ने 43 स्पेशल ट्रेनों की योजना बनाई है. इसके अलावा सदर्न रेलवे (Southern Railway) 39 स्पेशल ट्रेनें चलाएगा, जबकि साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे (South East Central Railway) 15 सेवाएं संचालित करेगा. इसके अलावा कोंकण रेलवे ने 9 स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना बनाई है और नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे 2 स्पेशल ट्रेनें संचालित करेगा.
यात्रियों के लिए जरूरी जानकारी
होली स्पेशल ट्रेनों की टिकट बुकिंग जल्द ही IRCTC पर शुरू होगी. टिकट बुक करने के लिए यात्री IRCTC की वेबसाइट, IRCTC मोबाइल ऐप और NTES ऐप का इस्तेमाल कर सकेंगे. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते टिकट बुक कर लें, क्योंकि त्योहार के दौरान चलने वाली स्पेशल ट्रेनों में आमतौर पर सीटें जल्दी भर जाती हैं.













