DAMINI App: हर साल आकाशीय बिजली की चपेट में आने से सैकड़ों लोग अपनी जान गंवा देते हैं. खासकर खेतों में काम करने वाले किसान और खुले में सफर करने वाले लोग सबसे ज्यादा जोखिम में होते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं अब तकनीक आकाशीय बिजली से आपकी जान बचा सकती है. भारत सरकार के मौसम विभाग (IMD) और IITM पुणे ने एक ऐसी ऐप बनाई है जिससे आकाशीय बिजली गिरने से 40 मिनट पहले ही फोन पर जानकारी मिल जाएगी. आइए जानते हैं ये ऐप कैसे काम करता है और इससे लोगों को क्या मदद मिल सकती है...
यह भी पढ़ें: अब 2 नहीं 4 डस्टबिन में देना होगा कचरा, नियम तोड़ा तो नहीं उठेगा कूड़ा, जानिए कौन से रंग में क्या डालें
DAMINI ऐप
लोगों को आकाशीय बिजली से सुरक्षित रखने के लिए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने एक खास मोबाइल ऐप शुरू किया है. इस ऐप का नाम दामिनी (DAMINI) है. यह ऐप इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रॉपिकल मेट्रोलॉजी (IITM) द्वारा बनाया गया है. दामिनी ऐप पूरे भारत में बिजली गिरने की गतिविधियों पर नजर रखता है और आपके स्थान से 20 से 40 किलोमीटर के दायरे में बिजली गिरने की संभावना होने पर GPS के जरिए आपको 40 मिनट पहले ही सतर्क कर देता है. इसकी मदद से आप समय रहते सुरक्षित स्थान पर जा सकते हैं.
ऐप का कैसे करें इस्तेमाल
इस ऐप को इस्तेमाल करना बहुत ही ज्यादा आसान है. इसके लिए आपको प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से DAMINI ऐप को इंस्टॉल कर रजिस्टर करना होगा. इसके बाद जब भी आपके इलाके में आसमानी बिजली गिरने की संभावना होगी, तो आपके फोन पर तुरंत एलर्ट आ जाएगा. साथ ही इस ऐप के मैप फीचर के जरिए पूरे भारत में बिजली गिरने की अपडेट ले सकते हैं. बस मैप पर क्लिक कर जूम करें. इसमें आपको बिजली गिरने के संकेत दो अलग-अलग रंगों में दिखेंगे. इसमें येलो कलर आपको 10 मिनट पहले बिजली गिरने की जानकारी देगा. वहीं, ब्लू कलर आपको 10 मिनट पहले ही सतर्क कर देगा.
सेफ्टी गाइडलाइन्स
DAMINI ऐप न सिर्फ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना की जानकारी देता है, बल्कि यूजर्स को सुरक्षा से जुड़ी जरूरी गाइडलाइन्स भी उपलब्ध कराता है. इस ऐप में तूफान के दौरान कौन‑सी सावधानियां बरतनी चाहिए, इसकी आसान और उपयोगी जानकारी दी जाती है, ताकि लोग समय रहते सतर्क हो सकें और खुद को सुरक्षित रख सकें.














