PAN Card Fraud: भारत में डिजिटल बैंकिंग और ऑनलाइन लोन की सुविधा तेजी से बढ़ रही है. लेकिन इसके साथ फ्रॉड के मामले भी बढ़ रहे हैं. कई बार ऐसा होता है कि किसी व्यक्ति के PAN कार्ड का गलत इस्तेमाल करके उसके नाम पर लोन ले लिया जाता है और उसे इसकी जानकारी भी नहीं होती. बाद में जब वह खुद लोन या क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन करता है, तब उसे समस्या का सामना करना पड़ता है. अब, आपके साथ ऐसा न हो, इसके लिए कुछ बातों को ध्यान में रखना जरूरी है. आइए जानते हैं इस बारे में-
PAN क्यों है इतना जरूरी?
PAN (Permanent Account Number) आपके सभी बड़े फाइनेंशियल लेन-देन से जुड़ा होता है. पर्सनल लोन, होम लोन, क्रेडिट कार्ड, सब कुछ आपके PAN से लिंक रहता है. अगर किसी ने आपके PAN का गलत इस्तेमाल करके लोन लिया, तो वह आपकी क्रेडिट रिपोर्ट में दिखेगा. इससे आपका सिबिल स्कोर खराब हो सकता है और भविष्य में लोन मिलने में दिक्कत आ सकती है.
कैसे चेक करें कि आपके नाम पर लोन है या नहीं?सबसे पहले अपनी क्रेडिट रिपोर्ट डाउनलोड करें. आप RBI से अधिकृत एजेंसियों जैसे TransUnion CIBIL, Experian, Equifax और CRIF High Mark की वेबसाइट से साल में एक बार फ्री क्रेडिट रिपोर्ट डाउनलोड कर सकते हैं.
रिपोर्ट में 'Account Information' या 'Loan Details' सेक्शन को ध्यान से देखें. अगर कोई ऐसा लोन या क्रेडिट कार्ड दिखे जिसे आपने नहीं लिया है, तो तुरंत सतर्क हो जाएं. अनजान बैंक या NBFC का नाम, अचानक बड़ा लोन अमाउंट या बिना जानकारी के की गई क्रेडिट इंक्वायरी फ्रॉड का संकेत हो सकती है.
फिनटेक ऐप्स से रखें नजरआजकल CRED, Paytm और Google Pay जैसे ऐप्स आपके PAN से जुड़े लोन और क्रेडिट कार्ड की जानकारी दिखाते हैं. इन पर अलर्ट ऑन रखें, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत मिल सके.
हर महीने अपने बैंक स्टेटमेंट को ध्यान से देखें. अगर बिना जानकारी के EMI कट रही है या कोई अज्ञात ट्रांजैक्शन दिख रहा है, तो तुरंत बैंक से संपर्क करें.
फ्रॉड दिखे तो क्या करें?अगर आपके नाम पर फर्जी लोन दिखे, तो तुरंत संबंधित लेंडर से संपर्क करें. साथ ही क्रेडिट ब्यूरो की वेबसाइट पर जाकर शिकायत दर्ज करें. आप नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत कर सकते हैं या हेल्पलाइन 1930 पर कॉल कर सकते हैं.
सतर्क रहें, अपनी क्रेडिट रिपोर्ट नियमित रूप से चेक करें और अपनी पर्सनल जानकारी किसी के साथ शेयर न करें. इस तरह थोड़ी सी सावधानी आपको बड़े नुकसान से बचा सकती है.














