हीटवेव में अपने साथ करें बेजुबान पशुओं का भी बचाव, CSIR ने बताए उन्हें गर्मी से बचाने के 5 आसान तरीके

CSIR-NIScPR ने भीषण गर्मी और हीटवेव के बीच लोगों से पशु-पक्षियों का ध्यान रखने की अपील की है. संस्था ने पानी रखने, छांव बचाने और परेशान जानवरों की मदद करने जैसे आसान उपाय बताए हैं.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
बढ़ती गर्मी में पशुओं का ख्‍याल इस तरह रखें.
Photo Credit : X/@CSIR_NIScPR

Heatwave alert : देश के कई हिस्सों में इस समय भीषण गर्मी और हीटवेव का असर देखने को मिल रहा है. तेज धूप और बढ़ता तापमान सिर्फ इंसानों के लिए ही नहीं, बल्कि पशु-पक्षियों के लिए भी बड़ी परेशानी बन गया है. सड़क किनारे घूमने वाले कुत्ते, गाय, पक्षी और दूसरे बेजुबान जीव पानी और छांव की कमी से तेजी से बीमार पड़ रहे हैं. इसी बीच CSIR ने लोगों से अपील की है कि इस गर्मी में थोड़ा सा ध्यान और छोटी-सी मदद कई जानवरों की जान बचा सकती है. संस्था ने ऐसे 5 आसान उपाय बताए हैं, जिन्हें अपनाकर पशु-पक्षियों को राहत दी जा सकती है.

घर के बाहर पानी जरूर रखें

गर्मी में सबसे बड़ी परेशानी पानी की होती है. ऐसे में अपनी छत, बालकनी, गार्डन या घर के बाहर मिट्टी या स्टील के बर्तन में साफ पानी भरकर रखें. इससे पक्षियों और जानवरों को प्यास बुझाने में मदद मिलेगी. साथ ही रोज उस बर्तन को साफ करना और ताजा पानी भरना भी जरूरी है.

पेड़ और छांव बचाना बहुत जरूरी

CSIR ने कहा है कि गर्मी के दिनों में पेड़-पौधे और छांव वाले स्थान जानवरों के लिए राहत का काम करते हैं. इसलिए बेवजह पेड़ों की कटाई या छंटाई करने से बचना चाहिए. खुले इलाकों में जानवरों और पक्षियों के बैठने के लिए छांव की व्यवस्था करना भी जरूरी है.

Advertisement

गर्मी से परेशान जानवर दिखे तो मदद करें

अगर कोई पक्षी या जानवर ज्यादा गर्मी, लू या कमजोरी से परेशान दिखे, तो उसे तुरंत छांव वाली जगह पर ले जाएं. उसके शरीर पर हल्का पानी डाल सकते हैं और पीने के लिए पानी भी दें. जरूरत पड़ने पर नजदीकी पशु चिकित्सालय या रेस्क्यू सेंटर से संपर्क करना चाहिए.

छोटी मदद बन सकती है बड़ी राहत

संस्था का कहना है कि इस भीषण गर्मी में एक कटोरा पानी भी किसी बेजुबान जीव के लिए जिंदगी का सहारा बन सकता है. लोग अगर अपने आसपास थोड़ा ध्यान दें, तो कई पशु-पक्षियों को हीटस्ट्रोक और डिहाइड्रेशन से बचाया जा सकता है.

Advertisement

इंसानों के साथ जानवरों का भी रखें ध्यान

गर्मी का असर हर जीव पर पड़ता है. ऐसे में सिर्फ अपनी सुरक्षा ही नहीं, बल्कि आसपास रहने वाले पशु-पक्षियों का ख्याल रखना भी जरूरी है. थोड़ी इंसानियत और संवेदनशीलता इस मौसम में कई बेजुबानों की जान बचा सकती है.

और पढ़ें-  Digital Currency के जरिए राशन वितरण, CBDC से मिलेगा सीधा फायदा, जानिए क्या बदलेगा?

Featured Video Of The Day
ट्विशा की सास गिरिबाला गिरफ्तार, उस 50 मिनट में क्या हुआ? CBI लेगी रिमांड