DDA Parks Free Entry: दिल्ली की भागदौड़ भरी जिंदगी में सुकून और सेहत की तलाश करने वालों के लिए राहत भरी खबर आई है. दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने अपने उन चुनिंदा पार्कों और हरित क्षेत्रों में प्रवेश शुल्क (Entry Fee) खत्म करने का निर्णय लिया है, जहां मॉर्निंग वॉक के लिए भी पैसे चुकाने पड़ते थे. उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू के निर्देश के बाद अब सुबह 10 बजे तक इन स्थानों पर एंट्री पूरी तरह मुफ्त होगी. प्रधानमंत्री के 'फिट इंडिया मूवमेंट' को बढ़ावा देने के लिए यह कदम उठाया गया है.
इन प्रमुख पार्कों में नहीं लगेगा पैसा (List of Parks with Free Morning Entry)
इस नए आदेश के दायरे में दिल्ली के कई वीआईपी और खूबसूरत पार्क आए हैं. इनमें महरौली पुरातत्व पार्क, बांसेरा, असिता, क्रांति उद्यान, वासुदेव घाट और द्वारका सेक्टर-16डी का डीडीए ग्रीन जैसे नाम शामिल हैं. इसके अलावा जसोला का लाला हरदयाल पार्क और नरेला का स्मृति वन भी अब सुबह के वक्त आम जनता के लिए बिना किसी शुल्क के खुला रहेगा. यह उन लोगों के लिए बड़ी सौगात है जो रोजाना योग, प्राणायाम और जॉगिंग के लिए इन हरियाली भरे क्षेत्रों में जाते हैं.
फिट इंडिया मिशन को मिलेगी नई रफ्तार (Fit India Movement)
एलजी कार्यालय के अनुसार, इस पहल का मुख्य मकसद दिल्लीवासियों को एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है. डीडीए फिलहाल दिल्ली में लगभग 16,000 एकड़ हरित क्षेत्र का प्रबंधन करता है, जिसमें 700 से ज्यादा पार्क और बायोडायवर्सिटी जोन शामिल हैं. यह फैसला न केवल फिटनेस प्रेमियों की जेब पर बोझ कम करेगा, बल्कि सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की भागीदारी भी बढ़ाएगा. बाकी सामान्य पार्क पहले की तरह ही जनता के लिए निःशुल्क रहेंगे.














