नोएडा की सोसाइटी में लगी भीषण आग, क्या आपका अपार्टमेंट सुरक्षित है? जानिए हाई-राइज बिल्डिंग्स के जरूरी सेफ्टी नियम

अगर आप भी किसी हाई-राइज बिल्डिंग में शिफ्ट होने का प्लान बना रहे हैं, तो यह जानना जरूरी है कि ऐसी इमारतों में कौन-कौन से सुरक्षा इंतजाम होने चाहिए. भारत में इन नियमों को नेशनल बिल्डिंग कोड (NBC) के तहत तय किया गया है.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
हाईराइज बिल्डिंग में कौन-कौन सी सुरक्षा सुविधाएं होना जरूरी हैं?
(P.C- NDTV)

नोएडा के सेक्टर-74 स्थित IVY County सोसाइटी में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया. सोसाइटी की एक बिल्डिंग के 12वें फ्लोर पर स्थित फ्लैट में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेज थी कि फ्लैट की बालकनी से ऊंची-ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर से दिखाई दे रहा था. फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है. राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है. हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर हाईराइज सोसाइटी में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. ऐसे में अगर आप भी किसी मल्टीस्टोरी या हाईराइज अपार्टमेंट में रहते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. 

गौरतलब है कि देश के बड़े शहरों में तेजी से ऊंची इमारतें बन रही हैं. ऐसे में यह जानना जरूरी है कि जिस बिल्डिंग में आप रहते हैं, वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम हैं या नहीं. भारत में हाईराइज इमारतों की सुरक्षा के लिए नेशनल बिल्डिंग कोड (NBC) के तहत नियम बनाए गए हैं. आइए जानते हैं इनके बारे में- 

सबसे पहले जान लें कि हाई-राइज बिल्डिंग किसे कहते हैं?

नेशनल बिल्डिंग कोड के अनुसार, 15 मीटर से ज्यादा ऊंचाई वाली इमारत को हाई-राइज बिल्डिंग माना जाता है. इस तरह की बिल्डिंग्स के लिए विशेष सुरक्षा मानकों का पालन करना जरूरी है.

हाईराइज बिल्डिंग में कौन-कौन सी सुरक्षा सुविधाएं होना जरूरी हैं?

फायर सेफ्टी सिस्टम

NBC के अनुसार, हर हाईराइज बिल्डिंग में फायर अलार्म, स्मोक डिटेक्टर और ऑटोमैटिक स्प्रिंकलर सिस्टम होना जरूरी है. आग लगने पर ये सिस्टम तुरंत चेतावनी देते हैं और आग को फैलने से रोकने में मदद करते हैं.

Advertisement

कम से कम दो सीढ़ियां

आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी के लिए बिल्डिंग में कम से कम दो सीढ़ियां होनी चाहिए. ये सीढ़ियां आग न पकड़ने वाली सामग्री से बनी होनी चाहिए ताकि आग लगने पर भी लोगों को बाहर निकलने का रास्ता मिल सके. 

रिफ्यूज एरिया

ऊंची इमारतों में तय दूरी पर रिफ्यूज एरिया बनाया जाता है. यह एक सुरक्षित स्थान होता है जहां आग या अन्य आपदा के दौरान लोग अस्थायी रूप से शरण ले सकें और सुरक्षित रह सकें.

Advertisement
फायर लिफ्ट

हर हाई-राइज बिल्डिंग में एक स्पेशल फायर-रेसिस्टेंट लिफ्ट होना जरूरी है. इसका इस्तेमाल दमकल कर्मी आग बुझाने के दौरान करते हैं.

पर्याप्त पानी की व्यवस्था

आग बुझाने के लिए अंडरग्राउंड और रूफटॉप वाटर टैंक होने चाहिए. इनके साथ फायर हाइड्रेंट और पंप सिस्टम भी जरूरी होता है.

इलेक्ट्रिकल सेफ्टी

समय-समय पर वायरिंग और इलेक्ट्रिकल सिस्टम की जांच होनी चाहिए. कई बार शॉर्ट सर्किट आग का सबसे बड़ा कारण बन जाता है.

ऐसे में अगर आप किसी हाई-राइज बिल्डिंग में घर खरीद रहे हैं या पहले से ही रहते हैं, तो यह जरूर देखें कि वहां फायर NOC, स्प्रिंकलर सिस्टम, स्मोक डिटेक्टर, फायर एग्जिट, रिफ्यूज एरिया और इलेक्ट्रिकल सेफ्टी के सभी इंतजाम मौजूद हैं या नहीं. यह आपकी और आपके परिवार की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है.

Advertisement
अगर हाईराइज बिल्डिंग में आग लग जाए तो क्या करें?
  • सबसे पहले घबराएं नहीं और तुरंत फायर अलार्म बजाएं.
  • लिफ्ट का इस्तेमाल न करें, सीढ़ियों से तुरंत नीचे आ जाएं.
  • धुएं से बचने के लिए मुंह और नाक को कपड़े से ढक लें.
  • बच्चों और बुजुर्गों को पहले सुरक्षित स्थान पर पहुंचाएं.
  • फायर ब्रिगेड के निर्देशों का पालन करें.
  • आग लगने की स्थिति में तुरंत 101 पर कॉल करें.

यह भी पढ़ें- Aadhaar खो गया और नंबर भी भूल गए, UIDAI की इस सुविधा से तुरंत करें रिकवर

Featured Video Of The Day
Punjab के Mohali में सनकी प्रमी का खौफनाक कदम! Breakup के बाद चाकू से गोदकर हत्या! | Breaking News
Topics mentioned in this article