Dubai Electricity and Water Authority: दुबई के ज्यादातर लोगों के लिए बिजली और पानी से जुड़ी सेवाएं लेने का मतलब था, किसी ऐप में लॉगिन करना या वेबसाइट पर जाना, लेकिन अब यह तरीका बदल रहा है. दुबई इलेक्ट्रिसिटी एंड वॉटर अथॉरिटी (DEWA) ने अपनी सेवाएं ChatGPT के माध्यम से उपलब्ध करा दी हैं. इस कदम के साथ DEWA ChatGPT ऐप्स डायरेक्टरी पर जुड़ने वाली दुनिया की पहली सरकारी और यूटिलिटी संस्था बन गई है. अधिकारियों के मुताबिक, यह बदलाव दिखाता है कि अब सेवाएं देने का तरीका सामान्य डिजिटल प्लेटफॉर्म जैसे वेबसाइट और मोबाइल ऐप से आगे बढ़कर AI‑आधारित बातचीत वाले सिस्टम की ओर जा रहा है.
यह भी पढ़ें:- भारत के Sarvam AI ने Google Gemini और ChatGPT को छोड़ा पीछे, जानिए Sarvam AI कैसे करता है काम
ChatGPT के जरिए DEWA की कई सेवाएं
- बिल से जुड़ी जानकारी देखना
- अकाउंट डिटेल्स चेक करना
- बिलिंग और अकाउंट से जुड़ी मदद प्राप्त करना
- EV ग्रीन चार्जर स्टेशन ढूंढना
- सबसे नजदीकी चार्जिंग पॉइंट तक जाने का रास्ता प्राप्त करना
- कस्टमर हैप्पीनेस सेंटर के स्थान, समय और आधिकारिक संपर्क जानकारी हासिल करना
DEWA के मुताबिक, समय के साथ आगे और भी सेवाएं धीरे‑धीरे जोड़ी जाएंगी, ताकि सुरक्षा, गोपनीयता और प्रशासनिक नियमों का पालन हो सके. DEWA के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO सईद मोहम्मद अल तायर ने बताया कि यह कदम लोगों के सरकारी सेवाओं से जुड़ने के तरीके में बड़ा बदलाव है. उन्होंने कहा कि “AI Integration and Operating Services” पहल का लक्ष्य है कि सरकारी सेवाएं सिर्फ वेबसाइट या मोबाइल ऐप तक सीमित न रहें, बल्कि सीधे वैश्विक AI प्लेटफॉर्म में ही उपलब्ध हों.
DEWA के प्रमुख अल तायर के अनुसार, ChatGPT के साथ DEWA की सेवाओं को जोड़ने से ग्राहक अब सामान्य बातचीत की तरह सेवाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं. यह एक स्मार्ट सिस्टम है जहां कई AI एजेंट मिलकर काम करते हैं. उन्होंने कहा कि यह पहल DEWA के उस उद्देश्य को आगे बढ़ाती है, जिसमें वे सुरक्षित, मजबूत और पहले से तैयारी वाली सेवाएं प्रदान करना चाहते हैं. वह धीरे-धीरे दुनिया की पहली AI‑native यूटिलिटी कंपनी बनने की ओर बढ़ रही है. जैसे-जैसे ग्राहक सेवाओं और जानकारी के लिए AI प्लेटफॉर्म का ज्यादा उपयोग कर रहे हैं, DEWA भी उसी बदलाव के अनुसार खुद को ढाल रही है.














