Double Decker Bus in Delhi: दिल्ली में आज से चलेगी डबल डेकर बस, जानें किन-किन जगहों से गुजरेगी और कितना होगा किराया

Double Decker Bus in Delhi: हर बस में लगभग 63 लोग बैठ सकेंगे. बस की ऊपरी मंजिल खुली रहेगी, जिससे लोग रास्ते में आने वाली ऐतिहासिक इमारतों और जगहों को आराम से देख सकेंगे.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
दिल्ली में फिर चलेगी डबल डेकर बस

Double Decker Bus in Delhi: राजधानी दिल्ली में एक बार फिर डबल डेकर बसें सड़कों पर दिखेंगी. करीब 40 साल बाद ये बसें वापसी कर रही हैं, लेकिन इस बार ये नए और आधुनिक रूप में होंगी. आज यानी शुक्रवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ऐतिहासिक विजय चौक से इन इलेक्ट्रिक ओपन-टॉप बसों को हरी झंडी दिखाएंगी. सरकार का मकसद पर्यटन को बढ़ावा देना और प्रदूषण कम करना है.

Air Ambulance कैसे बुक करें, कितना देना पड़ेगा किराया? जानें लखनऊ से दिल्ली का पूरा खर्च

क्या होगी खास बात?

ये बसें पूरी तरह इलेक्ट्रिक होंगी. यानी इनमें से धुआं नहीं निकलेगा और आवाज भी कम होगी. इससे पर्यावरण को फायदा होगा. हर बस में लगभग 63 लोग बैठ सकेंगे. बस की ऊपरी मंजिल खुली रहेगी, जिससे लोग रास्ते में आने वाली ऐतिहासिक इमारतों और जगहों को आराम से देख सकेंगे.

बस में एक लाइव टूर गाइड भी होगा, जो सफर के दौरान हर जगह के बारे में आसान भाषा में जानकारी देगा. बसों को दिल्ली के मशहूर स्थलों की तस्वीरों से सजाया जाएगा. अभी यह सेवा एक तय रूट पर चलेगी. आगे चलकर इसे हॉप-ऑन-हॉप-ऑफ मॉडल में भी बदला जा सकता है.

किन-किन जगहों से गुजरेगी बस?

इस खास हेरिटेज टूर में दिल्ली के कई बड़े और प्रसिद्ध स्थान शामिल हैं. यात्रा की शुरुआत प्रधानमंत्री संग्रहालय से होगी. इसके बाद बस कर्तव्य पथ, नेशनल वॉर मेमोरियल, भारत मंडपम, नए संसद भवन परिसर, दिल्ली हाट और इंडिया गेट जैसे प्रमुख स्थानों से होकर गुजरेगी. ऊपर बैठकर सेंट्रल विस्टा का नजारा देखना लोगों के लिए खास अनुभव होगा.

कितना होगा किराया?

टिकट की कीमत तय कर दी गई है. बड़ों के लिए 500 रुपये और 6 से 12 साल के बच्चों के लिए 300 रुपये किराया रखा गया है. इस कीमत में गाइडेड टूर शामिल होगा. टिकट ऐप और काउंटर से मिल सकेंगे. बस सुबह और शाम दोनों समय चलेगी. शाम की सवारी करीब 6 बजे से शुरू होगी.

बता दें कि दिल्ली में 1960 और 70 के दशक में डबल डेकर बसें काफी लोकप्रिय थीं. उस समय ये बसें चांदनी चौक, कनॉट प्लेस और आईटीओ जैसे इलाकों में चलती थीं. बाद में 1980 के दशक में इन्हें बंद कर दिया गया था. अब ये बसें रोज की यात्रा के लिए नहीं, बल्कि खास हेरिटेज टूर के लिए चलाई जा रही हैं. पुरानी यादों और नई तकनीक का यह मेल दिल्ली वालों और पर्यटकों, दोनों के लिए एक नया और खास अनुभव साबित होगा.

Advertisement
Featured Video Of The Day
CM Yogi Japan Visit | Syed Suhail | 500 KM पर CM Yogi गी की सेल्फी! तूफानी राइड दंग रह गई दुनिया!
Topics mentioned in this article