आधार से लेकर DigiLocker तक, ये 5 सरकारी ऐप्स हर किसी के फोन में जरूर होने चाहिए, जानिए इनके फायदे

मोबाइल फोन अब सिर्फ बात करने का जरिया नहीं रह गया है. यह अब सरकारी सेवाओं तक पहुंचने का एक आसान रास्ता बन चुका है. ऐसे में हर भारतीय को अपने फोन में यह 5 ऐप जरूर रखने चाहिए.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
सरकारी ऐप्स
AI Photo

डिजिटल इंडिया की ओर तेजी से बढ़ते देश में, मोबाइल फोन अब सिर्फ बात करने का जरिया नहीं रह गया है. यह अब सरकारी सेवाओं तक पहुंचने का एक आसान रास्ता बन चुका है. पहचान साबित करने से लेकर जरूरी दस्तावेज संभालकर रखने तक, सरकारी ऐप्स ने लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को काफी आसान बना दिया है. ऐसे में हर भारतीय को अपने फोन कुछ ऐप जरूर रखने चाहिए. इन ऐप के होने से आपको कभी भी डॉक्यूमेंट साथ लेकर नहीं चलना पड़ेगा. अपने सभी काम भी आसानी से किए जा सकते हैं.

यह भी पढ़ें:- मेरे पापा मुझे नहीं मोदी को आग से बचाएंगे, वायरल वीडियो का पीएम ने दिया जवाब

Aadhaar App (आधार ऐप आपकी डिजिटल पहचान)

आधार ऐप को भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने बनाया है. इसके जरिये आप अपना आधार कार्ड मोबाइल में डिजिटल रूप में रख सकते हैं, बिना फिजिकल कार्ड साथ ले जाए. इस ऐप में ऑफलाइन e-KYC, QR कोड स्कैन करने और बायोमेट्रिक लॉक या अनलॉक जैसी सुविधाएं हैं, जिससे सुरक्षा और बढ़ जाती है. होटल में चेक‑इन हो या पहचान दिखानी हो, यह ऐप हर समय काम आता है.

DigiLocker (डिजिलॉकर)

अब भारी‑भरकम फाइलें साथ रखने की जरूरत नहीं. डिजिटल इंडिया योजना के तहत बना डिजिलॉकर आपको ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड और पढ़ाई के सर्टिफिकेट जैसे जरूरी दस्तावेज सुरक्षित रखने की सुविधा देता है. इन दस्तावेजों को कानूनी रूप से मान्यता मिली हुई है और आप इन्हें तुरंत किसी भी विभाग के साथ साझा कर सकते हैं. यात्रा, नौकरी के आवेदन या एडमिशन के समय यह बहुत काम आता है.

UMANG (उमंग ऐप-एक ऐप, कई सेवाएं)

UMANG एक ऐसा ऐप है, जिसमें केंद्र और राज्य सरकार की सैकड़ों सेवाएं एक ही जगह मिलती हैं. बिजली‑पानी के बिल भरने से लेकर EPF बैलेंस देखने, गैस सिलेंडर बुक करने और स्वास्थ्य सेवाओं तक, बहुत‑सी सुविधाएं इसमें शामिल हैं. यह कई भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है, जिससे हर जगह के लोग इसका इस्तेमाल कर सकें.

Advertisement
mParivahan (वाहन और ड्राइविंग रिकॉर्ड मोबाइल में)

यह ऐप सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय द्वारा चलाया जाता है. इसमें आप अपना ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट डिजिटल रूप में रख सकते हैं. ये दस्तावेज ट्रैफिक पुलिस द्वारा मान्य होते हैं, इसलिए फिजिकल कॉपी न होने पर भी चालान से बचा जा सकता है. साथ ही गाड़ी से जुड़ी जानकारी और सेवाओं के लिए भी यह ऐप मदद करता है.

BHIM

BHIM ऐप को नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया ने बनाया है. यह UPI आधारित ऐप है, जिससे पैसे भेजना और पाना बहुत आसान है. आप मोबाइल नंबर या UPI ID से तुरंत लेनदेन कर सकते हैं. यह ऐप खासतौर पर उन लोगों के लिए अच्छा है जो डिजिटल पेमेंट की शुरुआत कर रहे हैं और यह कई भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है.

Advertisement
Featured Video Of The Day
Iran Israel War News: Dimona में मिसाइल गिरी तब क्या हुआ? भारतीय ने बताया डरावना मंजर | War news
Topics mentioned in this article