Delhi Traffic Advisory: नवरात्रि के पावन मौके पर दिल्ली में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. खासतौर पर झंडेवालान मंदिर और कालकाजी मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस (Delhi Traffic Police) ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर पोस्ट कर बताया है कि 23 मार्च से 27 मार्च 2026 तक कुछ प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित रहेगा और कई जगह डायवर्जन लागू किए गए हैं.
यह भी पढ़ें- UP में डेयरी खोलने का सुनहरा मौका! सरकार दे रही 50% तक सब्सिडी, जानें कैसे कर सकते हैं आवेदन
किन रास्तों पर रहेगा सबसे ज्यादा असर?
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, सबसे ज्यादा असर झंडेवाला मंदिर के आसपास देखने को मिलेगा. इस दौरान दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक कालका दास चौक से लेकर झंडेवाला राउंडअबाउट तक भारी वाहनों (जैसे बस और कमर्शियल गाड़ियां) की आवाजाही पर रोक रहेगी. खासतौर पर डीबीजी रोड (Desh Bandhu Gupta Road) और रानी झांसी रोड पर भारी जाम लग सकता है.
कौन-से रास्ते करें इस्तेमाल?ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे इन रास्तों से बचें और इन वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें. जैसे- फैज रोड, न्यू रोहतक रोड और पंचकुइयां रोड. इन रास्तों से जाने पर आप ट्रैफिक से बच सकते हैं और समय भी बचा सकते हैं.
27 मार्च तक कालकाजी इलाके में भी ट्रैफिक प्रभावित रहेगा. इन सड़कों पर भीड़ ज्यादा रह सकती है-
- आउटर रिंग रोड (चिराग दिल्ली से मोदी मिल फ्लाईओवर तक)
- मां आनंदमयी मार्ग
- कैप्टन गौर मार्ग
- आस्था कुंज रोड
जरूरत पड़ने पर इन सड़कों पर भारी वाहनों की आवाजाही भी रोकी जा सकती है.
पार्किंग को लेकर सख्तीपार्किंग को लेकर भी सख्त नियम लागू किए गए हैं. नेहरू प्लेस से मोदी मिल फ्लाईओवर के बीच आउटर रिंग रोड पर गाड़ी खड़ी करना पूरी तरह मना है. लोगों से अपील की गई है कि वे केवल तय पार्किंग स्थानों का ही इस्तेमाल करें, वरना कार्रवाई हो सकती है.
पैदल यात्रियों के लिए जरूरी सलाहपैदल यात्रियों के लिए भी खास निर्देश जारी किए गए हैं. उन्हें फुटओवर ब्रिज (FOB) का ही इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. सड़क पार करते समय रेलिंग कूदने या गलत तरीके से चलने पर सख्त मनाही है.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा पहले से प्लान करें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और जहां तक संभव हो, पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करें. साथ ही, किसी भी अपडेट के लिए ट्रैफिक पुलिस के सोशल मीडिया चैनलों और हेल्पलाइन नंबरों पर नजर बनाए रखें.
वेबसाइट: [https://traffic.delhipolice.gov.in](https://traffic.delhipolice.gov.in)
हेल्पलाइन नंबर: 1095 / 011-25844444
व्हाट्सएप: 8750871493
इसके अलावा आप फेसबुक, इंस्टाग्राम और X पर भी अपडेट चेक सकते हैं.














