Aadhaar Biometric Update: भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण यानी UIDAI ने आधार धारकों के लिए Mandatory Biometric Update (MBU) के फायदे बताए हैं. यह खास तौर पर बच्चों और छात्रों के लिए बहुत जरूरी है, जो आधार का इस्तेमाल पढ़ाई, स्कॉलरशिप और सरकारी सेवाओं में करते हैं. बायोमेट्रिक अपडेट कराने से व्यक्ति की पहचान सही बनी रहती है और आधार से जुड़ी सेवाएं आसानी से मिलती हैं. इससे वेरिफिकेशन में दिक्कत नहीं आती और काम जल्दी होता है.
आधार बायोमेट्रिक अपडेट (MBU) क्या है?
Mandatory Biometric Update यानी आधार में बायोमेट्रिक जानकारी को अपडेट करना. इसमें उंगलियों के निशान यानी फिंगरप्रिंट, आंखों की पुतली और फोटो को अपडेट किया जाता है. UIDAI की सलाह है कि बच्चों की उम्र के कुछ तय पड़ाव पूरे होने पर उनका बायोमेट्रिक अपडेट जरूर कराया जाए, ताकि आधार की पहचान सही, सुरक्षित और भरोसेमंद बनी रहे.
बायोमेट्रिक अपडेट क्यों जरूरी है?
आधार में बायोमेट्रिक जानकारी जैसे फोटो, फिंगरप्रिंट, आईरिस अपडेट रहना बहुत जरूरी होता है. सही और अपडेट बायोमेट्रिक से आपकी पहचान की पुष्टि आसानी से हो जाती है, जिससे कई जरूरी सेवाओं का लाभ बिना रुकावट मिल पाता है. जागरूकता अभियान के अनुसार, बायोमेट्रिक अपडेट (MBU) से स्कूल, कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश, प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए आवेदन, सरकारी योजनाओं का लाभ लेना, स्कॉलरशिप प्राप्त करना, इंटर्नशिप और फेलोशिप के लिए आवेदन इन कामों में मदद मिलती है.
यह भी पढ़ें:- सड़क दुर्घटना हो जाती है तो कैसे लें मुआवजा? किन-किन परिस्थितियों में मिलता है और क्या है पूरा प्रोसेस
जो NEET, JEE, CUET की परीक्षाओं की तैयारी या परीक्षा में शामिल हो रहे हैं. उनके लिए अपडेट आधार बायोमेट्रिक बहुत फायदेमंद है. इससे रजिस्ट्रेशन और परीक्षा के दौरान पहचान सत्यापन आसान हो जाता है. इसके साथ ही पुराने या गलत बायोमेट्रिक डेटा की वजह से आने वाली ऑथेंटिकेशन की समस्याएं भी कम हो जाती हैं. इसलिए छात्रों और युवाओं को समय पर अपना आधार बायोमेट्रिक अपडेट जरूर करा लेना चाहिए.
किसे बायोमेट्रिक अपडेट कराना चाहिए?जिन बच्चों का आधार कम उम्र में बनवाया गया था, उन्हें बड़े होने पर बायोमेट्रिक अपडेट कराने की सलाह दी जाती है. ऐसा इसलिए क्योंकि उम्र के साथ चेहरे के नैन‑नक्श बदल जाते हैं. उंगलियों के निशान भी बदल सकते हैं. इस बदलाव की वजह से आधार से पहचान में दिक्कत आ सकती है. UIDAI का कहना है कि ऐसे योग्य आधार धारकों को अपना बायोमेट्रिक अपडेट कराने के लिए नजदीकी अधिकृत आधार केंद्र पर जाकर यह प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए, ताकि आधार से जुड़ी सेवाओं में कोई परेशानी न हो.














