अगर आप भी इलेक्ट्रिक गाड़ियों की लंबी चार्जिंग से परेशान रहते हैं, तो ये खबर आपके लिए है. अब वो समय दूर नहीं जब इलेक्ट्रिक वाहन को चार्ज करने के लिए घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा. चीन की बड़ी बैटरी कंपनी CATL ने एक ऐसी तकनीक पेश की है, जिससे इलेक्ट्रिक ट्रक की बैटरी सिर्फ 2 मिनट में बदली जा सकेगी. कंपनी ने अपने नए Choco-swap बैटरी स्वैप सिस्टम की शुरुआत की है. इस तकनीक की मदद से चार्जिंग के बजाय सीधे बैटरी बदल दी जाएगी और वाहन तुरंत फिर से चलने के लिए तैयार हो जाएगा. माना जा रहा है कि ये कदम इलेक्ट्रिक वाहनों की दुनिया में बड़ा बदलाव ला सकता है.
क्या है Choco-swap सिस्टम
CATL का Choco-swap एक बैटरी स्वैपिंग सिस्टम है. इसमें गाड़ी को लंबे समय तक चार्ज करने की जरूरत नहीं पड़ती. वाहन स्वैप स्टेशन पर पहुंचता है और कुछ ही मिनटों में उसकी पुरानी बैटरी निकालकर नई बैटरी लगा दी जाती है. कंपनी ने फिलहाल इसकी शुरुआत लाइट ट्रकों के लिए की है.
सिर्फ 120 सेकंड में बदलेगी बैटरी
इस सिस्टम की सबसे बड़ी खासियत इसकी रफ्तार है. CATL का दावा है कि इलेक्ट्रिक ट्रक की बैटरी बदलने में केवल 120 सेकंड यानी 2 मिनट का समय लगेगा. इससे लॉजिस्टिक्स और ट्रांसपोर्ट सेक्टर को काफी फायदा मिल सकता है, क्योंकि वाहनों का समय बचेगा और काम तेजी से हो सकेगा.
समय के साथ पैसे की भी बचत
कंपनी का कहना है कि ये तकनीक सिर्फ समय ही नहीं बचाएगी बल्कि खर्च भी कम करेगी. CATL के मुताबिक 8 साल के इस्तेमाल के दौरान ये सिस्टम ईंधन भरने की तुलना में 2,000 घंटे से ज्यादा समय बचा सकता है. साथ ही ऊर्जा पर होने वाला खर्च भी पारंपरिक डीजल ट्रकों के मुकाबले काफी कम रहेगा.
बड़े स्तर पर होगा विस्तार
CATL की योजना 2026 के अंत तक 3,000 से ज्यादा बैटरी स्वैप स्टेशन बनाने की है. आगे चलकर कंपनी पूरे चीन में 30,000 स्वैप स्टेशनों का नेटवर्क तैयार करना चाहती है. फिलहाल ग्रेटर बे एरिया में 31 स्टेशन काम कर रहे हैं और जल्द ही इनकी संख्या बढ़ाई जाएगी.
पैसेंजर वाहनों को भी मिलेगा फायदा
ये तकनीक केवल ट्रकों तक सीमित नहीं रहेगी. CATL के मॉड्यूलर बैटरी स्वैप स्टेशन पैसेंजर वाहनों और कमर्शियल वाहनों दोनों के लिए उपयोगी होंगे. कंपनी भविष्य में टैक्सी और हेवी ट्रकों के लिए भी ऐसे नेटवर्क का विस्तार करने की तैयारी कर रही है.
यह भी पढ़ें:- नोएडा और मुंबई में दौड़ेंगी ड्राइवरलेस पॉड टैक्सियां, जानिए रूट-किराया, तकनीक और खास बातें











