BHIM App New Update: भीम ऐप में नया फीचर आया है, जिससे बिना पिन के भी पेमेंट की जा सकती है. दरअसल, नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी एनपीसीआई भीम सर्विसेज लिमिटेड (NBSL) ने मंगलवार को भीम पेमेंट्स ऐप में यूपीआई पेमेंट के लिए नया बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन फीचर लॉन्च किया है. इस नए फीचर के जरिए अब यूजर्स 5,000 रुपये तक के ट्रांजेक्शन को अपने स्मार्टफोन के फिंगरप्रिंट या फेस रिकग्निशन से मंजूरी दे सकेंगे, जिससे पेमेंट पहले से ज्यादा तेज और आसान हो जाएगा.
यह भी पढ़ें:- Solar AC: सोलर AC क्या है? नहीं आएगा बिजली बिल, जानिए इसकी खासियत और कैसे करेगा यह काम
क्या है भीम ऐप का नया फीचर?
इस फीचर के साथ यूजर्स को छोटे ट्रांजेक्शन के लिए हर बार यूपीआई पिन डालने की जरूरत नहीं पड़ेगी. इससे गलत पिन डालने या पिन भूलने की वजह से फेल होने वाले पेमेंट भी कम होंगे और यूजर एक्सपीरियंस बेहतर होगा. यह बायोमेट्रिक फीचर दोस्तों और परिवार को पैसे भेजने, दुकानदारों के क्यूआर कोड स्कैन करने और ऑनलाइन पेमेंट करने जैसे सामान्य ट्रांजेक्शन में इस्तेमाल किया जा सकता है. इस लॉन्च पर एनबीएसएल की एमडी और सीईओ ललिता नटराज ने कहा कि इस ऐप का उद्देश्य डिजिटल पेमेंट को आसान, सुरक्षित और सभी के लिए सुलभ बनाना है. उन्होंने कहा कि बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन से रोजमर्रा के पेमेंट आसान हो जाएंगे और सुरक्षा भी बनी रहेगी.
फिंगरप्रिंट या फेस से ट्रांजेक्शन कन्फर्म करने से पिन पर निर्भरता कम होगी और पेमेंट सीधे यूजर से जुड़ा रहेगा, जिससे सुरक्षा मजबूत होगी. यह नया फीचर सुरक्षा को भी बढ़ाता है, क्योंकि फिंगरप्रिंट और फेस डेटा यूजर के डिवाइस में ही सुरक्षित रहता है, जिससे पिन शेयर होने या उसके गलत इस्तेमाल का खतरा कम हो जाता है.
हालांकि, 5,000 रुपये से ज्यादा के ट्रांजेक्शन के लिए यूजर्स को अभी भी यूपीआई पिन डालना होगा, जिससे बड़े पेमेंट के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बनी रहेगी. फिलहाल यह फीचर उन एंड्रॉयड और आईओएस डिवाइस पर उपलब्ध है, जिनमें फिंगरप्रिंट या फेस रिकग्निशन की सुविधा मौजूद है.














