AI Driven Traffic Control: लगातार बढ़ते ट्रैफिक और सिग्नलों पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत देने के लिए भारत के इस शहर ने तकनीक का सहारा लिया है. भारत के इस शहर में अब ट्रैफिक सिग्नलों को कंट्रोल करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित सिस्टम का इस्तेमाल किया जा रहा है. यह स्मार्ट सिस्टम सड़क पर मौजूद ट्रैफिक की स्थिति को समझकर अपने आप सिग्नल का समय तय करता है, जिससे जाम कम हो रहा है और लोगों का सफर पहले से ज्यादा आसान बन रहा है. चलिए आपको बताते हैं वह कौन सा शहर है और AI सिस्टम कैसे ट्रैफिक सिग्नल को कंट्रोल करता है.
AI से कंट्रोल किया जा रहा ट्रैफिक सिग्नल
अहमदाबाद शहर ने ट्रैफिक को बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल की है. यहां भीड़भाड़ और ट्रैफिक सिग्नल पर लंबे इंतजार की समस्या को कम करने के लिए AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम शुरू किया गया है. इस पायलट प्रोजेक्ट के तहत शहर के 10 अहम चौराहों पर नया सिस्टम लगाया गया है.
एडैप्टिव ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम (ATCS) क्या है?
यह नया सिस्टम मौजूदा हालात के अनुसार, ट्रैफिक सिग्नल को अपने आप कंट्रोल करता है. पुराने ट्रैफिक सिग्नल्स में टाइम पहले से तय होता था, लेकिन यह AI आधारित सिस्टम सड़क पर मौजूद वाहनों की संख्या और ट्रैफिक की स्थिति को लगातार देखता है और उसी के हिसाब से सिग्नल का समय बदल देता है. इससे जहां ज्यादा ट्रैफिक होता है, वहां हरी बत्ती ज्यादा देर तक रहती है और जाम कम होता है. यह सिस्टम प्रमुख चौराहों पर लगे कैमरों और सेंसर के नेटवर्क पर काम करता है. ये उपकरण सड़क पर वाहनों की संख्या, उनकी रफ्तार और किस लेन में कितना ट्रैफिक है. इन सब पर नजर रखते हैं. इसी जानकारी के आधार पर यह सिस्टम हर समय ट्रैफिक की स्थिति को समझता है.
यह भी पढ़ें:- Emergency Vehicles Traffic Rule: हाईवे पर एंबुलेंस को रास्ता न देने पर कितने का चालान? जानिए जुर्माना और कानून
इस सिस्टम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह बदलती ट्रैफिक स्थिति पर तुरंत प्रतिक्रिया देता है. आम तौर पर ट्रैफिक सिग्नल का अधिकतम समय लगभग 50 सेकंड तय होता है, लेकिन अगर सड़क जल्दी खाली हो जाए तो एआई समय को कम कर सकता है. मान लीजिए किसी लेन का ट्रैफिक 20 सेकंड में ही निकल गया, तो बचे हुए समय को यह सिस्टम दूसरी भीड़भाड़ वाली सड़कों को दे देता है. इस तरह ट्रैफिक सिग्नल का समय बार‑बार खुद को एडजस्ट करता रहता है. इसका मुख्य उद्देश्य यही है कि ट्रैफिक बिना रुकावट के चलता रहे और खाली सड़कों पर लोगों को बेवजह सिग्नल पर इंतजार न करना पड़े.














