- गर्मी में ओवरलोडिंग से हो बढ़ी बिजली की समस्या.
- बिजली की बढ़ती मांग पर उठाया यह जरूरी कदम.
- इस समय समय ना चलाएं एसी, वॉशिंग मशीन और वॉटर पंप.
तेज गर्मी से सभी का हाल बेहाल है. यही वजह है कि भीषण गर्मी के बीच बढ़ती बिजली खपत ने बिजली विभाग की चिंता बढ़ा दी है. एक ओर लोग बिजली कटौती और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या से परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर विभाग लगातार बिजली सप्लाई को सुचारु बनाए रखने की कोशिश कर रहा है. यही वजह है कि संभल में रहने वाले लोगों को देखते हुए विभाग ने उपभोक्ताओं से पीक आवर्स के दौरान बिजली की बचत करने की अपील की है.
भारी इलेक्ट्रिकल आइटम्स न चलाने की सलाह
संभल बिजली विभाग ने लोगों से शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक भारी इलेक्ट्रिक आइटम्स का इस्तेमाल कम करने की अपील की है. विभाग के अनुसार, इस दौरान वॉटर पंप, वाशिंग मशीन, माइक्रोवेव ओवन और दूसरे ज्यादा बिजली खपत वाले इलेक्ट्रिक आइटम्स का इस्तेमाल करने से बिजली नेटवर्क पर दबाव बढ़ता है. इन आइटम्स के एक साथ चलने से ओवरलोडिंग की समस्या बढ़ सकती है, जिससे बिजली सप्लाई बाधित होने और ट्रांसफॉर्मर पर दबाव बढ़ने का खतरा रहता है.
AC का तापमान 24 से 26 डिग्री रखने की अपील
बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से एयर कंडीशनर (AC) का तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रखने की भी सलाह दी है. विभाग का कहना है कि AC का तापमान बहुत कम रखने से बिजली की खपत काफी बढ़ जाती है. इसके लिए विभाग उपभोक्ताओं को मोबाइल संदेश भेजकर जागरूक कर रहा है. लोगों से अपील की जा रही है कि वे जरूरत न होने पर इलेक्ट्रिक आइटम्स बंद रखें और बिजली बचाने में सहयोग करें.
संभल में बिजली आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के लिए सभी उपभोक्ताओं का सहयोग मांगा जा रहा है. इससे उपकरण सुरक्षित रहें और आपूर्ति भी बनी रहे. इस जागरुकता के लिए उपभोक्ताओं के पंजीकृत नंबर पर मैसेज भी भेजे जा रहे हैं.
- रघुनाथ तित्तल, अधिशासी अभियंता
बिजली बचत से ट्रांसफॉर्मर भी रहेंगे सुरक्षित
विभाग के मुताबिक, अगर उपभोक्ता बिजली का समझदारी से इस्तेमाल करते हैं तो न केवल बिजली की खपत कम होगी, बल्कि ट्रांसफॉर्मर और दूसरे इलेक्ट्रिक आइटम्स पर भी दबाव कम पड़ेगा. इससे बार-बार होने वाली ट्रिपिंग और बिजली कटौती की समस्या को भी कंट्रोल करने में मदद मिलेगी. विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि बिजली बचत के छोटे-छोटे कदम भी सप्लाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में अहम भूमिका निभा सकते हैं.
यह भी पढ़ें:- नोएडा और मुंबई में दौड़ेंगी ड्राइवरलेस पॉड टैक्सियां, जानिए रूट-किराया, तकनीक और खास बातें











