Major Schemes of Modi Government : नरेंद्र मोदी ने जब मई 2014 में देश के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी, तब भारतीय राजनीति एक बड़े बदलाव के दौर में प्रवेश कर रही थी. आज 2026 में मोदी सरकार के 12 साल पूरे हो चुके हैं. इन सालों में सरकार ने सिर्फ सत्ता संभालने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि योजनाओं और टेक्नोलॉजी के जरिए देश की पूरी तस्वीर बदलने का भी काम किया है. मोदी सरकार की सबसे बड़ी पहचान उन योजनाओं को माना जाता है, जिन्होंने सीधे आम लोगों की जिंदगी पर असर डाला है. गांव की रसोई से लेकर शहर के अस्पतालों तक और बैंक खाते से लेकर डिजिटल भुगतान तक, इन योजनाओं ने ‘लास्ट माइल डिलीवरी' और ‘डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर' को मजबूत किया है.
1. जन धन योजना: बैंकिंग को गांव-गांव तक पहुंचाया
2014 में शुरू हुई प्रधानमंत्री जन धन योजना को देश की सबसे खास फाइनेंशियल योजनाओं में से एक माना जाता है. इस योजना के जरिए करोड़ों लोगों के जीरो बैलेंस बैंक खाते खोले गए. इसका सबसे बड़ा फायदा यह हुआ कि सरकारी योजनाओं का पैसा सीधे लोगों के खातों में पहुंचने लगा. कोरोना काल में महिलाओं और गरीब परिवारों तक आर्थिक मदद पहुंचाने में इस योजना ने अहम भूमिका निभाई.
2. उज्ज्वला योजना: धुएं से मिली राहत
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने ग्रामीण महिलाओं की जिंदगी बदलने का काम किया है. पहले महिलाएं लकड़ी और उपलों के धुएं में खाना बनाती थीं, लेकिन इस योजना के तहत मुफ्त गैस कनेक्शन दिए गए. इससे महिलाओं की सेहत में सुधार हुआ और घरों में स्वच्छता भी बढ़ी. यह योजना महिला सशक्तिकरण की बड़ी मिसाल बन गई है.
3. आयुष्मान भारत: गरीबों के इलाज की सुरक्षा
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना दुनिया की सबसे बड़ी हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम्स में शामिल है. इसके जरिए गरीब परिवारों को सालाना 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलता है. इस योजना ने लाखों परिवारों को इलाज के भारी खर्च और कर्ज से बचाने का काम किया. कैंसर, हार्ट और बड़ी सर्जरी जैसे मामलों में यह गरीबों के लिए बड़ी राहत बनी.
4. स्वच्छ भारत मिशन: शौचालय से बदली सोच
2 अक्टूबर 2014 को शुरू हुआ स्वच्छ भारत मिशन सिर्फ सफाई अभियान नहीं बल्कि सामाजिक बदलाव का आंदोलन बन गया. देशभर में करोड़ों शौचालय बनाए गए. इससे महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान बढ़ा तथा खुले में शौच की समस्या में बड़ी कमी आई.
5. जल जीवन मिशन: हर घर नल का सपना
2019 में शुरू हुए जल जीवन मिशन का मकसद गांवों तक पाइप से शुद्ध पानी पहुंचाना था. इस योजना के तहत करोड़ों ग्रामीण घरों तक नल से पानी पहुंचाया गया. इससे महिलाओं की मेहनत कम हुई और दूषित पानी से होने वाली बीमारियों में कमी आई.
6. मुद्रा योजना: छोटे कारोबार को ताकत
प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के जरिए छोटे व्यापारियों और युवाओं को बिना गारंटी लोन दिए गए. चाय की दुकान, बुटीक, मोबाइल रिपेयरिंग और छोटे व्यवसायों को इससे बड़ा सहारा मिला. इस योजना ने युवाओं को नौकरी ढूंढने वाले से नौकरी देने वाला बनाने में मदद की.
7. स्टार्टअप इंडिया: युवाओं को नई उड़ान
2016 में लॉन्च हुई स्टार्टअप इंडिया ने देश में एंटरप्रेन्योरशिप को नई पहचान दी. सरकार ने टैक्स छूट, आसान रजिस्ट्रेशन और फंडिंग सपोर्ट जैसे कदम उठाए. इसकी मदद से आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है.
8. पीएम आवास योजना: गरीब का पक्का घर
प्रधानमंत्री आवास योजना की मदद से करोड़ों गरीब परिवारों को पक्के घर मिले. खास बात यह रही कि कई घर महिलाओं के नाम पर दिए गए, जिससे उन्हें सामाजिक सम्मान मिला.
9. डिजिटल इंडिया: मोबाइल में सिमटी सरकार
डिजिटल इंडिया ने सरकारी सेवाओं और भुगतान व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया. UPI ने भारत को डिजिटल भुगतान के मामले में दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल कर दिया है. आज छोटे दुकानदार से लेकर बड़े मॉल तक QR कोड के जरिए भुगतान ले रहे हैं. इसके अलावा डिजिलॉकर और दूसरी ऑनलाइन सेवाओं ने भी सरकारी कामकाज को आसान, तेज और पारदर्शी बनाने में अहम भूमिका निभाई है.
10. पीएम किसान सम्मान निधि: किसानों को सीधी मदद
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के जरिए किसानों के खातों में हर साल 6,000 रुपये सीधे भेजे जाते हैं. इससे छोटे किसानों को आर्थिक मदद मिलती है.
11. मेक इन इंडिया और पीएलआई : रोजगार और उत्पादन पर जोर
मेक इन इंडिया और प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) स्कीम के जरिए भारत में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को बढ़ावा मिला है. मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और फार्मा सेक्टर में बड़े निवेश आए और रोजगार के अवसर बढ़े है. भारत अब दुनिया का बड़ा मोबाइल मैन्युफैक्चरर देश बन चुका है.
12. पीएम स्वनिधि योजना: छोटे दुकानदारों को सहारा
कोरोना महामारी के बाद शुरू हुई पीएम स्वनिधि योजना ने रेहड़ी-पटरी और छोटे दुकानदारों को बिना गारंटी लोन देकर कारोबार दोबारा शुरू करने में मदद की है.














