कौन बनेगा करोड़पति के अपकमिंग एपिसोड में रामायणम् फिल्म के सितारे नजर आएंगे. भगवान राम की भूमिका में नजर आने को तैयार रणबीर कपूर ने लोकप्रिय क्विज रियलिटी शो कौन बनेगा करोड़पति के दिवाली विशेष एपिसोड में अमिताभ बच्चन के साथ बातचीत के दौरान इस प्रतिष्ठित भूमिका की तैयारी और अपने अनुभवों के बारे में खुलकर बात की. रणबीर कपूर ने कहा है कि अपकमिंग महाकाव्य रामायणम् में भगवान राम का किरदार निभाना सिर्फ एक भूमिका नहीं, बल्कि एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी है. एक्टर ने यह भी स्वीकार किया कि जब उन्हें इस भूमिका का प्रस्ताव मिला था, तो उनकी पहली प्रतिक्रिया डर और आत्म-संदेह की थी.
भगवान राम की भूमिका पर बोले रणबीर कपूर
भगवान राम की भूमिका मिलने पर अपनी शुरुआती आशंकाओं को याद करते हुए रणबीर कपूर ने अमिताभ बच्चन से कहा, “सर, जब मुझे यह रोल ऑफर हुआ, मैं जानता था कि यह सिर्फ एक रोल नहीं है, यह एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी थी. मेरा जो पहला इंस्टिंक्ट था, वह डर था. मन में यह सवाल था कि क्या मैं इसके काबिल हूं, क्या मैं यह कर पाऊंगा? प्रभु श्रीराम से करोड़ों लोगों की आस्था जुड़ी हुई है.”
अपनी शुरुआती घबराहट के धीरे-धीरे कृतज्ञता में बदलने के बारे में बताते हुए रणबीर ने कहा कि उनके जीवन के एक अहम पड़ाव पर उन्हें यह अवसर मिला. उन्होंने आगे कहा, “लेकिन बहुत जल्द सर, यह डर आभार में बदल गया. मुझे जीवन के इस पड़ाव पर, इस उम्र में, एक अच्छा अभिनेता बनने का अवसर मिल रहा था. अभिनेता बनने को छोड़िए सर, एक अच्छा इंसान बनने का मौका मिल रहा था.”
ये भी पढ़ें- 2026 दूसरी हनुमान अंश बनीं हॉरर फिल्म, 30 से 100 पार पहुंचे सिनेमाघरों में शोज, 3 दिन में बजट रह गया पीछे
उन्होंने आगे बताया, “उसी दौरान सर, मैं पहली बार पिता बना. मेरी बेटी राहा का जन्म हुआ. तो मैं यही मानता हूं कि यह भगवान का दिया हुआ एक उपहार था कि मुझे एक बेहतर इंसान बनने का मौका मिला, रामायण को गहराई से समझने का अवसर मिला और इन सभी खूबसूरत लोगों के साथ काम करने का मौका मिला.”
महाकाव्य से मिलने वाली सीख और भगवान राम के आदर्शों के बारे में अपनी बात समाप्त करते हुए रणबीर ने कहा, “सर, हम प्रभु श्रीराम के जैसा बनें, यह संभव नहीं है, लेकिन उनके आदर्शों से कुछ सीखना, मुझे लगता है कि यह हम सभी के लिए बहुत बड़ी बात है.”
रणबीर कपूर की इन बातों से यह स्पष्ट हुआ कि भगवान राम की भूमिका निभाना उनके लिए व्यक्तिगत और आध्यात्मिक रूप से कितना महत्वपूर्ण ह.। उन्होंने इस अनुभव को आत्मचिंतन करने, रामायण को गहराई से समझने और एक बेहतर इंसान बनने के अवसर के रूप में देखा. कौन बनेगा करोड़पति का दिवाली विशेष एपिसोड 29 और 30 अक्टूबर को रात 9 बजे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर प्रसारित होगा.
ये भी पढ़ें- Ramayana Advance Booking: रामायणम् की रिलीज में 11 दिन बाकी, बिकीं ढाई लाख टिकटें, करोड़ों की कर ली कमाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं