'कुबूल है' और 'नागिन' जैसे लोकप्रिय शोज से घर-घर में पहचान बनाने वाली सुरभि ज्योति हाल ही में मां बनी हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी प्रेग्नेंसी और डिलीवरी से जुड़े अनुभवों को फैंस के साथ साझा किया. उन्होंने बताया कि किस तरह उन्होंने प्रेग्नेंसी के दौरान खुद को एक्टिव रखा और नॉर्मल डिलीवरी के लिए तैयारी की. सुरभि ज्योति ने सोशल मीडिया पर अपने फैंस के साथ बातचीत के लिए एक 'आस्क मी एनीथिंग' सेशन रखा था.
इस दौरान फैंस ने उनसे उनकी प्रेग्नेंसी, मां बनने के अनुभव और डिलीवरी को लेकर कई सवाल पूछे. इसी दौरान एक सात महीने की प्रेग्नेंट महिला ने सुरभि से पूछा कि नॉर्मल डिलीवरी के लिए किस तरह की तैयारी करनी चाहिए. इसके जवाब में अभिनेत्री ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि उनके लिए कौन-सी चीजें मददगार साबित हुईं.
सुरभि ने कहा, "प्रेग्नेंसी के दौरान खुद को सक्रिय रखना काफी जरूरी होता है. नियमित रूप से टहलना, स्ट्रेचिंग करना और हल्की एक्सरसाइज करना मेरे लिए फायदेमंद रहा. मैंने इस दौरान कोई मुश्किल वर्कआउट या भारी वजन उठाने वाली एक्सरसाइज नहीं की थी, बल्कि अपनी क्षमता के हिसाब से आसान गतिविधियों पर ध्यान दिया."

Photo Credit: social media
वहीं एक अन्य फैन ने उनसे पूछा कि आज के समय में नॉर्मल डिलीवरी कैसे हो सकती है? इस पर अभिनेत्री ने कहा, "नॉर्मल डिलीवरी आज भी पूरी तरह संभव है और इसे लेकर किसी तरह का डर रखने की जरूरत नहीं है. इसका समय या आज की जिंदगी से कोई संबंध नहीं होता. मेरे आसपास भी कई ऐसी महिलाएं हैं, जिनकी नॉर्मल डिलीवरी हुई है."
यह भी पढ़ें: पति को था अफेयर का शक, एक्ट्रेस के साथ की मार-पीट, सास-ननद ने दी गालियां, घरेलू हिंसा का मामला दर्ज
बता दें कि सुरभि ज्योति ने 13 जून 2026 को अपने पहले बच्चे का स्वागत किया था. अभिनेत्री और उनके पति सुमित सूरी के घर एक बेटी का जन्म हुआ. सुरभि ने सोशल मीडिया के जरिए इस खुशखबरी को अपने फैंस के साथ साझा किया था. उन्होंने एक पोस्ट में लिखा था, "हमारी बेटी आ गई है. हमारे दिल प्यार और आभार से भरे हुए हैं."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं