अपोलीन-सपनों की ऊंची उड़ान, रब से है दुआ, और कलीरें जैसे शो में नजर आ चुकी एक्ट्रेस टीवी एक्ट्रेस अदिति शर्मा ने मुंबई में अपने पति और उनके परिवार के खिलाफ घरेलू हिंसा की शिकायत दर्ज कराई है. 31 जुलाई को गोरेगांव पुलिस स्टेशन में उनके पति अभिनीत विद्यानंद कौशिक, सास उर्मिला कौशिक (65) और ननद कीर्ति कौशिक (29) के खिलाफ FIR दर्ज की गई. पुलिस ने इन आरोपों की जांच शुरू कर दी है. एक्ट्रेस को लेकर इस तरह की खबर सुन उनके फैन्स हैरान हैं.
ससुरालवालों पर घरेलू हिंसा और उत्पीड़न के आरोप
अपनी शिकायत में अदिति ने इन तीनों पर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, मारपीट, गाली-गलौज, उनके कैरेक्टर पर सवाल उठाने और उनके शादी के समय मिले गहनों का गलत इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है. पुलिस को दिए बयान में एक्ट्रेस ने बताया कि वह पहली बार जून 2021 में एक ऑनलाइन एक्टिंग क्लास के दौरान अभिनीत से मिली थीं. धीरे-धीरे उनकी दोस्ती रिश्ते में बदल गई. खबरों के मुताबिक, दोनों परिवारों की सहमति से 12 नवंबर 2024 को शादी करने से पहले, यह कपल सितंबर 2024 में गोरेगांव वेस्ट के एक अपार्टमेंट में साथ रहने लगा था.
'शादी के कुछ ही दिनों में बदल गया व्यवहार'
शिकायत के मुताबिक अदिति ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ दिनों बाद ही उनके पति का बर्ताव बदल गया. उन्होंने दावा किया कि उनके कपड़ों और दूसरी छोटी-छोटी बातों को लेकर अक्सर बहस होने लगी थी. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घर के खर्चों में योगदान देने के बजाय, उनके पति उनसे ही पैसे लेते थे.
शिकायत में यह भी कहा गया है कि 1 जनवरी 2025 को कॉफी को लेकर हुई बहस गाली-गलौज में बदल गई. इस घटना के बाद, अदिति ने आरोप लगाया कि उनके पति उनके कैरेक्टर पर शक करने लगे, उन पर अफेयर का आरोप लगाया, अक्सर उनका मोबाइल फोन चेक करते थे और आखिरकार अलग कमरे में सोने लगे. उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें अपने माता-पिता से बात करने से रोका गया. आरोप है कि ससुरालवालों ने गहने वापस नहीं किए गए
यह भी पढ़ें: 35 साल पुराना हिंदी गाना जिसमें लता मंगेशकर की आवाज पर रेखा ने लगाए ठुमके, बना गांव-देहात की शादियों की शान
अपनी शिकायत में अदिति ने अपनी सास पर उनके शादी के गहने - जिनमें सोने की चेन, अंगूठियां, हीरे की अंगूठी, मंगलसूत्र और चूड़ियां शामिल हैं - अपने पास रखने का आरोप लगाया. उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार कहने के बावजूद गहने कभी वापस नहीं किए गए. एक्ट्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि झगड़ों को सुलझाने की कोशिशों के दौरान उनकी सास और ननद ने उनके पति का साथ दिया और उन्हें परेशान करती रहीं.
पुलिस ने जांच शुरू की
अदिति शर्मा की शिकायत के आधार पर, गोरेगांव पुलिस ने उनके पति, सास और ननद के खिलाफ FIR दर्ज की है. पुलिस ने आरोपों की जांच शुरू कर दी है. अभी तक आरोपियों की तरफ से कोई बयान सामने नहीं आया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं