आज के समय में लाखों स्टूडेंट्स के फेवरेट ऑनलाइन टीचर खान सर अपने मजेदार और आसान पढ़ाने के अंदाज से पूरे देश में खास पहचान बना चुके हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक समय ऐसा भी आया था जब उनके सामने 107 करोड़ रुपये का बड़ा जॉब ऑफर रखा गया था. ये वो मौका था जो किसी की भी जिंदगी पूरी तरह बदल सकता था, फिर भी खान सर ने बिना ज्यादा सोचे इसे ठुकरा दिया. हाल ही में द ग्रेट इंडियन कपिल शो में उन्होंने इस फैसले के पीछे की असली वजह बताई जो सीधे उनके पुराने संघर्षों से जुड़ी हुई है.
जब पढ़ाई के लिए करना पड़ता था संघर्ष
बातचीत के दौरान खान सर ने अपने स्टूडेंट लाइफ के दिनों को याद करते हुए बताया कि उस समय पढ़ाई करना उनके लिए बिल्कुल आसान नहीं था. उन्होंने कहा कि कोटा जैसे शहर में जाकर कोचिंग लेना कई स्टूडेंट्स का सपना होता है लेकिन पैसों की कमी के कारण ये सपना अधूरा रह जाता है. आज भी कई स्टूडेंट्स ट्रैवल का खर्च तक नहीं उठा पाते हैं और ट्रेन का रिजर्वेशन टिकट लेना उनके लिए मुश्किल काम बन जाता है. उन्होंने ये भी बताया कि कभी ट्रेन के गेट के पास खड़े होकर सफर करना उनकी मजबूरी थी क्योंकि जुर्माने का डर हमेशा बना रहता था. ऐसे हालात में लाखों रुपये खर्च करके कोचिंग लेना उनके लिए संभव नहीं था क्योंकि उस समय ऑनलाइन पढ़ाई का कोई विकल्प नहीं था.
ये भी पढ़ें- अमिताभ बच्चन अपने जलसा को लेकर हुए इमोशनल, कहा- 30 साल से ज्यादा वक्त से मेरे परिवार को छत दे रहा है
खान सर ने क्यों ठुकराया 107 करोड़ का ऑफर
खान सर ने बताया कि जब उनके पास ये ऑफर आया तो उन्हें अपने पुराने दिन याद आ गए. उन्होंने महसूस किया कि आज भी देश में लाखों स्टूडेंट्स उन्हीं समस्याओं से जूझ रहे हैं जिनसे वो कभी गुजरे थे. इसी वजह से उन्होंने पैसा छोड़कर सस्ती शिक्षा के अपने मिशन को चुना. खास बात ये है कि जिस कंपनी ने उन्हें इतना बड़ा ऑफर दिया था वो आज मौजूद भी नहीं है. उनका मानना है कि पैसा हमेशा साथ नहीं रहता लेकिन शिक्षा से जुड़ा काम लोगों की जिंदगी बदल सकता है.
खान सर की नेटवर्थ
रिपोर्ट्स के मुताबिक खान सर की कुल संपत्ति लगभग 5 करोड़ से 20 करोड़ रुपये के बीच मानी जाती है. हालांकि उन्होंने कभी अपनी संपत्ति के बारे में खुलकर बात नहीं की है इसलिए सही जानकारी सामने नहीं आई है. उनकी कमाई का मुख्य जरिया उनका यूट्यूब चैनल खान जीएस रिसर्च सेंटर है जहां से विज्ञापन, ब्रांड डील और सुपर चैट के जरिए उन्हें हर महीने करीब 10 लाख से 20 लाख रुपये की आय होती है.
ये भी पढे़ं- सेक्रेड गेम्स की एक्ट्रेस ने ईरान ने सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत का मनाया जश्न, लिखा- वो दिन आ गया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं