टीवी के मशहूर शो कसौटी जिंदगी की को भला कौन भूल सकता है. इस शो के हर किरदार ने दर्शकों के दिल में खास जगह बनाई थी. खासकर अनुराग और प्रेरणा की छोटी बेटी स्नेहा, जिसकी मासूम मुस्कान और प्यारी एक्टिंग ने लोगों को खूब प्रभावित किया था. उस समय ये किरदार एक छोटी सी बच्ची ने निभाया था, जिनका नाम श्रिया शर्मा है. शो में उनकी मासूमियत ने हर किसी का दिल जीत लिया था. लेकिन अब वो छोटी बच्ची बड़ी हो चुकी हैं और उनकी जिंदगी बिल्कुल अलग दिशा में आगे बढ़ चुकी है.
कसौटी जिंदगी के में बनीं प्रेरणा अनुराग बसु की बेटी
श्रिया शर्मा ने बहुत छोटी उम्र में ही मनोरंजन की दुनिया में कदम रख लिया था. उन्होंने चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर टीवी और फिल्मों में काम किया. टीवी सीरियल कसौटी जिंदगी की में वो अनुराग बसु और प्रेरणा शर्मा की बेटी स्नेहा के रोल में नजर आई थीं. इस किरदार से उन्हें घर-घर में पहचान मिली. श्रिया ने साल 2007 में फिल्म लागा चुनरी में दाग से बॉलीवुड में चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में डेब्यू किया. इसके बाद वो थोड़ा प्यार थोड़ा मैजिक में भी दिखाई दीं. साल 2011 में आई फिल्म चिल्लर पार्टी में भी उन्होंने शानदार अभिनय किया. इस फिल्म के लिए उन्हें बाकी बच्चों के साथ बेस्ट चाइल्ड आर्टिस्ट का नेशनल अवार्ड भी मिला था. इसके अलावा उन्होंने कई फिल्मों, विज्ञापनों और ब्रांड कैंपेन में भी काम किया.
आज 27 साल की उम्र में श्रिया शर्मा एक सफल वकील और राइटर के रूप में अपनी पहचान बना चुकी हैं. हालांकि उन्होंने एक्टिंग की दुनिया से दूरी बना ली है, लेकिन कसौटी जिंदगी की की छोटी स्नेहा के रूप में उनका किरदार आज भी दर्शकों की यादों में जिंदा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं