टीवी एक्ट्रेस अविका गौर रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी' पर पूरे सात साल बाद वापसी कर रही हैं. इससे पहले साल 2019 में उन्होंने इस शो के 9वें सीजन में पार्टिसिपेट किया था. हाल में हिंदुस्तान टाइम्स से हुई बातचीत में अविका ने कहा कि उनके पिछले एक्सपीरियंस की वजह से उन्हें इस बार काफी मदद मिली लेकिन एक चैलेंज काफी मुश्किल रहा. खतरों के खिलाड़ी 15 में वापसी के बारे में बात करते हुए अविका ने ANI को बताया कि यह शो शारीरिक और मानसिक रूप से चैलेंजिंग है, लेकिन पिछला सीजन इससे कहीं ज्यादा चैलेंजिंग था.
अविका ने कहा, "यह वैसे भी एक आसान शो नहीं है. यह बहुत चैलेंजिंग है. लेकिन मेरे लिए, मेरा पिछला सीजन बहुत ज्यादा मुश्किल था. उस सीजन में मुझे जिस तरह के स्टंट दिए गए थे, वे मेरे लिए डरावने थे. इसलिए मैं अभी जो स्टंट कर रही थी, उससे मुझे इतना डर नहीं लगा कि मुझे हार माननी चाहिए. लेकिन जब मैं दूसरों को परफॉर्म करते देख रही थी, तो इसने मुझे वास्तव में बहुत इमोशनल कर दिया क्योंकि बहुत सारे स्टंट थे जहां बहुत सारे लोग या तो घायल हो रहे थे या इमोशनली टूट रहे थे और यह सब देखना आसान नहीं था.
अविका गौर को किन स्टंट से लगता है डर?
अविका ने कहा कि उन्हें गैस वाले स्टंट से डर लगता है क्योंकि अस्थमा की वजह से उन्हें ऐसे स्टंट पूरे करने में मुश्किल होती है. 'खतरों के खिलाड़ी 9' में एक टियर-गैस वाले स्टंट की वजह से उनका सफर खत्म हो गया था. अविका ने कहा, "एक खास स्टंट था जो टियर गैस से जुड़ा था और पिछले सीजन से ही यह मेरे लिए एक बुरे अनुभव जैसा रहा है क्योंकि वही मेरा एलिमिनेशन स्टंट था." उन्होंने आगे कहा, "बचपन से ही मुझे अस्थमा है. मेरे लिए टियर गैस वाले स्टंट आमतौर पर अच्छे नहीं होते क्योंकि उनके लिए मजबूत फेफड़े और अच्छी तरह सांस लेने की क्षमता की जरूरत होती है. इसलिए इस बार जब मुझे वैसा ही कोई स्टंट करना था, तो मुझे पता था कि चाहे मैं कितनी भी कोशिश कर लूं, यह दूसरों जितना अच्छा नहीं हो पाएगा क्योंकि मेरे फेफड़े मेरे कंट्रोल में नहीं हैं."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं