दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में शामिल Apple के एनुअल लॉन्च इवेंट में इस बार भारतीय मीडिया के लिए भी एक खास पल देखने को मिला. कंपनी ने अपने नए Siri AI असिस्टेंट के प्रदर्शन के दौरान एनडीटीवी एप (NDTV App) को फीचर किया, जो कार्यक्रम में दिखाई देने वाला एकमात्र समाचार एप था. इसी इवेंट में Apple ने iPhone 18 Pro, iPhone 18 Pro Max और अपना पहला फोल्डेबल स्मार्टफोन iPhone Duo लॉन्च किया.
Apple इवेंट में NDTV एप को मिली खास जगह
Apple के "Surprise and Shine" लॉन्च इवेंट के दौरान NDTV एप को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया. करीब 1 घंटा 17 मिनट लंबे कार्यक्रम में कंपनी ने अपने नए Siri AI सिस्टम का प्रदर्शन किया, जिसमें NDTV एप स्क्रीन पर दिखाई दिया. NDTV इस प्रस्तुति में शामिल होने वाला एकमात्र समाचार एप रहा. Apple का दावा है कि नया Siri AI पहले की तुलना में अधिक स्मार्ट, अधिक संवादात्मक और बहु-स्तरीय निर्देशों को बेहतर तरीके से समझने में सक्षम है. कंपनी के अनुसार Siri AI 3 लाख से अधिक एप्स के साथ काम कर सकता है.
Apple ने लॉन्च किया पहला फोल्डेबल iPhone
इवेंट की सबसे बड़ी घोषणाओं में Apple का पहला फोल्डेबल स्मार्टफोन iPhone Duo रहा. कंपनी ने इसे हाल के वर्षों में iPhone लाइनअप का सबसे बड़ा बदलाव बताया.
Apple का कहना है कि पूरी तरह खुलने पर यह अब तक का सबसे पतला iPhone है. इसे स्मार्टफोन और टैबलेट दोनों की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है.
भारत में iPhone Duo की कीमत
- 256GB : ₹2,99,900
- 512GB : ₹3,24,900
- 1TB : ₹3,74,900
- 2TB : ₹4,49,900
यह स्मार्टफोन स्टार व्हाइड (Star White) और नाइट स्काई (Night Sky) रंगों में उपलब्ध होगा.
iPhone 18 Pro और Pro Max में क्या नया?
Apple ने iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max को नए A20 Pro चिपसेट और C2 मॉडेम के साथ पेश किया है. कंपनी के अनुसार iPhone 18 Pro में 24 घंटे तक की बैटरी लाइफ मिलेगी. iPhone 18 Pro Max में 30 घंटे तक की बैटरी लाइफ का दावा किया गया है. Pro मॉडल में 6.3 इंच की डिस्प्ले है. Pro Max में 6.9 इंच की बड़ी डिस्प्ले दी गई है. वीडियो प्लेबैक के मामले में iPhone 18 Pro 34 घंटे और Pro Max 43 घंटे तक चलने का दावा करता है. दोनों मॉडल Black, Silver, Glacier और नए Burgundy रंग में उपलब्ध होंगे.
भारत में iPhone 18 Pro की कीमत
- 256GB : ₹1,64,900
- 512GB : ₹1,89,900
- 1TB : ₹2,39,900
- 2TB : ₹3,14,900
भारत में iPhone 18 Pro Max की कीमत
- 256GB : ₹1,79,900
- 512GB : ₹2,04,900
- 1TB : ₹2,54,900
- 2TB : ₹3,29,900
12 सितंबर से प्री-बुकिंग
Apple ने घोषणा की है कि नए iPhone मॉडल्स की प्री-बुकिंग 12 सितंबर से शुरू होगी, जबकि बिक्री 18 सितंबर से शुरू होगी. अमेरिका में iPhone 18 Pro की शुरुआती कीमत 1,199 डॉलर और iPhone 18 Pro Max की शुरुआती कीमत 1,299 डॉलर रखी गई है. कंपनी ने ग्राहकों के लिए लीजिंग और किस्त विकल्प की भी पेशकश की है.
यह भी पढ़ें : iPhone 18 Pro से 4.5 लाख के फोल्डेबल फोन तक.. Apple इवेंट लॉन्च हुए ये प्रोडक्ट्स, जानें कीमत