देश के कुछ हिस्सों में LPG गैस की कमी की खबरों के बीच अब एक नया ऑनलाइन स्कैम तेजी से फैल रहा है. सरकार ने लोगों को इस LPG बुकिंग फ्रॉड से सावधान रहने की चेतावनी दी है. Indian Cyber Crime Coordination Centre (I4C) के अनुसार, ठग लोग गैस की कमी का डर दिखाकर लोगों को जल्दी-जल्दी बुकिंग करने के लिए मजबूर कर रहे हैं. इस दौरान वे नकली लिंक, ऐप्स और QR कोड का इस्तेमाल करके लोगों से पैसे और निजी जानकारी चुरा रहे हैं.
यह चेतावनी CyberDost के जरिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर की गई है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस स्कैम के बारे में बच सकें.
कैसे काम करता है LPG बुकिंग स्कैम?
इस स्कैम में सबसे पहले यूजर्स को SMS, WhatsApp या सोशल मीडिया पर मैसेज भेजे जाते हैं. इन मैसेज में कहा जाता है कि गैस की कमी हो गई है, इसलिए तुरंत बुकिंग करना जरूरी है या फिर डिस्काउंट का लालच दिया जाता है.
इन मैसेज के साथ एक लिंक दिया जाता है, जो दिखने में बिल्कुल असली वेबसाइट जैसा लगता है. कई बार यूजर्स को कोई ऐप डाउनलोड करने या QR कोड स्कैन करके पेमेंट करने के लिए भी कहा जाता है.
जैसे ही यूजर इन लिंक या ऐप के जरिए आगे बढ़ता है, उससे OTP, PIN या बैंक डिटेल्स मांगी जाती हैं. अगर यूजर यह जानकारी दे देता है, तो ठग आसानी से उसका पैसा और डेटा चुरा लेते हैं.
स्कैम कैसे पहचानें?
सरकार ने कुछ ऐसे संकेत बताए हैं, जिनसे आप इस तरह के स्कैम को पहचान सकते हैं. जैसे अगर आपको ऐसा मैसेज मिलता है जिसमें गैस की कमी का डर दिखाकर तुरंत बुकिंग करने को कहा जाए, तो सावधान हो जाएं.
अगर कोई लिंक आपको किसी अनजान वेबसाइट पर ले जाए, या आपसे APK फाइल डाउनलोड करने या QR कोड स्कैन करने को कहा जाए, तो यह फ्रॉड हो सकता है. सबसे जरूरी बात यह है कि अगर कोई आपसे OTP, PIN या बैंक से जुड़ी जानकारी मांगता है, तो समझ लें कि यह स्कैम है.
स्कैम से कैसे बचें?
हमेशा LPG सिलेंडर की बुकिंग सिर्फ ऑफिशियल ऐप या वेबसाइट के जरिए ही करें. किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें और सिर्फ Google Play Store या Apple App Store से ही ऐप डाउनलोड करें.
कभी भी अपना OTP, PIN या बैंक डिटेल्स किसी के साथ शेयर न करें, चाहे सामने वाला कितना भी भरोसेमंद क्यों न लगे. अगर आपको कोई संदिग्ध मैसेज मिलता है, तो पहले अपने गैस एजेंट से सीधे संपर्क करके उसकी जांच करें.














