Passenger Bus Fire in Hyderabad: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में एक निजी बस में भीषण आग लग गई. गनीमत रही उसमें सवार सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल गए, वरना कोई भी अनहोनी घट सकती थी. आग इतनी भीषण थी कि बस पूरी तरह जलकर राख हो गई.
दरअसल, हैदराबाद के साइबराबाद में स्थित पद्मावती प्लाजा बस स्टॉप के पास श्री दुर्गा महेश्वरी ट्रैवल्स की एसी स्लीपर बस में आग लग गई थी. बताया जा रहा है कि आग शुक्रवार रात करीब 10:45 बजे ड्राइवर के केबिन से लगना शुरू हुई थी. इस दौरान बस ड्राइवर और अन्य कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाई, जिसके चलते बस यात्रियों को बचाया.
बस को चपेट में लेने से पहले यात्रियों को बचाया
ड्राइवर ने बस को तुरंत रोककर यात्रियों को घटना के बारे में बताया और आग की लपटें पूरी बस को चपेट में लेने से पहले सभी 18 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां भी पहुंच गईं और दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि बस पूरी तरह से जल गई. इस दौरान आग की लपटें काफी ऊंची उठ रही थीं.
रोड पर ट्रैफिक जाम भी लग गया था और आसपास लोग मौजूद थे. किसी तरह आग बुझाई और यातायात को सुचारू कराया. अभी तक आग लगने की वजह नहीं पता चली है, जिसकी जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें- पुणे एयरपोर्ट पर वायुसेना के विमान की हार्ड लैंडिंग, देर रात बंद करना पड़ा रनवे














