Karnataka News: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू में एक सिविल इंजीनियर को समलैंगिक या गे डेटिंग ऐप (Dating App Fraud and Trap) के जरिए फंसाकर लूटपाट करने का मामला सामने आया है. इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. येलहंका थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि इंजीनियर (Bengaluru Engineer) को डेटिंग ऐप के जरिए पहले फंसाया था, फिर शरीर पर चाकू से हमला कर लूट लिया. इस वारदात को अंजाम गैंग बनाकर दिया गया था.
आरोपियों की पहचान दर्शन, सुनील, चंदन और एक अन्य साथी के रूप में हुई है. पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने डकैती की योजना बनाने और उसे अंजाम देने से पहले कई दिनों तक सोशल मीडिया एप्लिकेशन के जरिए पीड़ित से बातचीत की थी.
पीड़ित तीन साल से इस्तेमाल कर रहा था ऐप
येलहंका पुलिस के अनुसार, पीड़ित मनोज कुमार ख्यादेद ने मामले की शिकायत दर्ज कराई थी. चिक्कजाला के रहने वाले पीड़ित ने बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से लोगों से बातचीत करने और मेल-जोल बढ़ाने के लिए Grindr डेटिंग एप्लिकेशन का इस्तेमाल कर रहा था.
आरोपियों ने 1 मई को मिलने बुलाया
1 मई की शाम को मनोजकुमार को कथित तौर पर उस व्यक्ति का फोन आया, जिससे वह ऐप पर जुड़ा था. उस व्यक्ति ने मनोज को बागुलुर रोड के पास पलानहल्ली गेट पर मिलने के लिए बुलाया, जिसके बुलावे पर वह शाम करीब 7 बजे बस से उस जगह पर पहुंचा, जहां की उसने लोकेशन बताई थी. इस दौरान अचालक 4 लोग उसके पास पहुंचे और नॉर्थगेट (Northgate) कंपनी के पास जयमुनी लेआउट (Jayamuni Layout) की तरफ ले गए.
चलते समय उन लोगों ने मनोज को गालियां देना शुरू कर दिया और धमकी दी कि वे उसके डेटिंग ऐप की गतिविधियों के बारे में उसके परिवार और दोस्तों को बता देंगे.
झाड़ियों के पीछे ले जाकर बनाया बंधक
पीड़ित ने शिकायत में बताया कि आरोपी उसे वेंकेतला में स्थित कनाडियन स्कूल के पास झाड़ियों में ले गए, जहां उसे बंधक बना लिया. इस दौरान एक आरोपी ने चाकू निकालकर धमकाया और मोबाइल मांगा. साथ ही यूपीआई पासवर्ड नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी. पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने उसे कई जगह चाकू से गोदा था, जिससे उसके सिर के बाईं ओर, कलाई, पसलियों के पास, पेट और गर्दन पर चोटें आई हैं.
डर के कारण मनोज ने अपने मोबाइल का पासवर्ड बता दिया. फिर आरोपियों ने उससे अपने बैंक खाते में 16000 रुपये ट्रांसफर करा लिए. जब आरोपी उसे लहूलुहान छोड़कर भाग गए तो अपने दोस्त आरवी मधुसूदन को संपर्क किया, जो उसे अस्पताल ले गया. फिर पीड़ित ने येलाहंका थाने में मामला दर्ज कराया.
ये भी पढ़ें- बेंगलुरु में भारी बारिश के दौरान दर्दनाक हादसा, खंभे में फैला था करंट, बाइक पार्क करने आए छात्र की मौत














