अमेरिका के बोस्टन तट पर कोटा का युवक लापता, 6 दिनों से सुराग नहीं; पीड़ित परिवार ने राष्ट्रपति से मांगी मदद

राजस्थान में कोटा निवासी दीपक सिंह राठौड़ अमेरिका के बोस्टन में लापता हो गए हैं. पिछले छह दिनों से कोई सुराग न मिलने के कारण व्यथित परिजनों ने भारत सरकार और राष्ट्रपति से हाई-लेवल सर्च ऑपरेशन चलाने की गुहार लगाई है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
राजस्थान में कोटा निवासी दीपक सिंह राठौड़ अमेरिका के बोस्टन में लापता हो गए हैं.

Rajasthan News: राजस्थान के शिक्षा नगर कोटा से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहां के सिविल लाइंस निवासी और एक प्राइवेट शिपिंग कंपनी में कार्यरत युवक, दीपक सिंह राठौड़ अमेरिका के बोस्टन तट के पास गहरे समुद्र में लापता हो गए हैं. इस घटना को बीते 6 दिन हो चुके हैं और अब तक दीपक का कोई पता नहीं चल पाया है जिससे परिजनों की उम्मीदें अब सरकार की मदद पर टिकी हैं.

काम के दौरान समुद्र में गिरे दीपक

जानकारी के अनुसार दीपक सिंह राठौड़ करीब छह महीने पहले ही अपने सुनहरे भविष्य के सपने लेकर अमेरिका गए थे. उन्होंने उदयपुर से होटल मैनेजमेंट का कोर्स किया था और वर्तमान में एक शिपिंग कंपनी के जहाज पर तैनात थे. बताया जा रहा है कि 25 अप्रैल को जहाज पर काम करने के दौरान वे अचानक अनियंत्रित होकर गहरे समुद्र में गिर गए. अगले दिन जब कंपनी ने परिवार को इस अनहोनी की सूचना दी तो घर में कोहराम मच गया.

पिता हैं पुलिस में गनमैन, परिवार में पसरा मातम

दीपक के पिता महावीर सिंह राठौड़ कोटा ग्रामीण एसपी के गनमैन के रूप में कार्यरत हैं. मूल रूप से सीकर जिले का रहने वाला यह परिवार वर्तमान में कोटा के सरकारी आवास में रह रहा है. घर के लाडले के लापता होने की खबर ने पूरे परिवार को तोड़ कर रख दिया है. माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है और वे टकटकी लगाए अपने बेटे की सुरक्षित वापसी का इंतजार कर रहे हैं.

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से मदद की अपील

इस संकट की घड़ी में पीड़ित परिवार की मदद के लिए कांग्रेस नेता चर्मेश शर्मा आगे आए हैं. उन्होंने परिवार की ओर से राष्ट्रपति सचिवालय में याचिका दायर की है. इसके साथ ही परिजनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भी हस्तक्षेप करने की गुहार लगाई है. विदेश मंत्रालय में भी औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समन्वय बिठाकर बोस्टन के समुद्री क्षेत्र में एक हाई-लेवल सर्च ऑपरेशन चलाया जा सके.

Advertisement

यह भी पढ़ें- राजस्थान में जनगणना शुरू, सीएम भजनलाल ने भरा पहला फॉर्म; जानें घर बैठे खुद गणना करने का तरीका

Featured Video Of The Day
Navi Mumbai Airport से Ganga Expressway तक, भारत को बदलने वाली 3 बड़ी योजनाओं पर Gautam Adani का विजन