"महात्मा गांधी की हत्या नहीं होती तो...", राजस्थान के मंत्री का बापू की हत्या पर विवादित बयान

वंदे मातरम् विवाद से सुलगी सियासत अब महात्मा गांधी की हत्या तक पहुंच गई है. राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की हत्या पर विवादित बयान दिया.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
झाबर सिंह खर्रा ने एनडीटीवी से बातचीत के दौरान महात्मा गांधी की हत्या पर बयान दिया.

‘वंदे मातरम्' को लेकर भाजपा-कांग्रेस के बीच शुरू हुई सियासी जंग अब राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की हत्या तक पहुंच गई है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के राजस्थान दौरे के दौरान ‘वंदे मातरम्' पर बयान के बाद कांग्रेस नेताओं ने पलटवार किया. कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने संघ पर गांधी की हत्या का आरोप लगाया. इसके बाद नगरीय विकास और आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने पलटवार करते हुए हत्या पर विवादित बयान दिया. एनडीटीवी से खास बातचीत के दौरान खर्रा से रंधावा के बयान पर सवाल किया तो उन्होंने तत्कालीन कांग्रेस नेतृत्व और गांधी की भूमिका पर सवाल उठाए. 

खर्रा ने कहा कि वे किसी एक नेता का नाम नहीं लेना चाहते, लेकिन सरदार पटेल को छोड़कर कांग्रेस के नरम दल के प्रमुख नेताओं में से कोई भी सेलुलर जेल या काला पानी की सजा काटकर नहीं आया था. उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में 13 से 25 साल की उम्र के अनेक क्रांतिकारियों ने हंसते-हंसते गोलियां खाईं और फांसी के फंदे को स्वीकार किया.

गांधी की भूमिका पर खर्रा ने उठाए सवाल

जब उनसे ये पूछा गया कि क्या वे महात्मा गांधी की हत्या को सही ठहराने की कोशिश कर रहे हैं तो खर्रा ने कहा, "उस समय कांग्रेस के नरम दल के जो सबसे बड़े नेता थे, जिनकी गोली मारकर हत्या की गई, अगर वो हत्या नहीं होती तो पूर्वी पाकिस्तान और पश्चिमी पाकिस्तान के बीच 20 किलोमीटर चौड़े कॉरिडोर के बनने की दिशा में भी एक आमरण अनशन होने वाला था." उन्होंने नोआखली और कलकत्ता के दंगों के अलावा स्वामी श्रद्धानंद की हत्या के बाद गांधी के रुख का भी उल्लेख किया.

यह भी पढ़ेंः गांधी, नेहरू और पटेल पर भी FIR करिए, मल्लिकार्जुन खरगे का वंदे मातरम पर भाजपा को चैलेंज

Advertisement
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अगर कांग्रेस आज राष्ट्रवाद और देशभक्ति पर भाजपा से सवाल करती है तो उसे स्वतंत्रता आंदोलन का पूरा इतिहास सामने रखना चाहिए. आजादी की लड़ाई में गांधी के साथ क्रांतिकारियों, गरम दल के नेताओं और अन्य राष्ट्रभक्तों के योगदान को भी याद किया जाना चाहिए.

‘वंदे मातरम्' को बताया राष्ट्रभक्ति का प्रतीक

उन्होंने कहा कि जिन लोगों के मन, दिल और आत्मा में राष्ट्र के प्रति भावना थी, उनके लिए ‘वंदे मातरम्' सिर्फ गीत नहीं बल्कि राष्ट्रभक्ति और जनजागरण का प्रतीक था. उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि वह किसी एक ऐसे नरम दल के नेता का नाम बताए, जिसे अंग्रेजों ने सेलुलर जेल या काला पानी की सजा दी हो.

कांग्रेस पर वोट बैंक की राजनीति का आरोप

‘वंदे मातरम्' विवाद पर खर्रा ने कांग्रेस पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, "राष्ट्रगीत को लेकर कांग्रेस नेताओं के बयान उसकी मानसिकता को उजागर करते हैं. भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस ने राजनीतिक कारणों से ‘वंदे मातरम्' के सम्मान को कमजोर किया. इतिहास को राजनीतिक सुविधा के हिसाब से नहीं देखा जाना चाहिए. देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले क्रांतिकारियों और राष्ट्रभक्तों के बलिदान को भी सामने लाना जरूरी है."

Advertisement

यह भी पढ़ेंः टिकट पाना है तो 'QR कोड' स्कैन करिए, राजस्थान में निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस ने लागू किया नया सिस्टम

Featured Video Of The Day
नसबंदी के बाद भी पिता बन गया 'कुत्ता'! अधिकारी से बोला- मेरी कौम बहुत वफादार है, भ्रष्टाचारियों ने हमें बदनाम किया

Topics mentioned in this article
Vande Matram Controversy
Mahatama Gandhi
Jhabar Singh Kharra
BJP