राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इसी सप्ताह 71 नई पीएम ई-बसों को हरी झंडी दिखाई. इनमें अजमेर के लिए भी 5 बसें शामिल थीं. मंगलवार, 18 अगस्त को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर से वर्चुअली बसों का शुभारंभ किया. अजमेर में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने इस बस में सफर कर सेवा की शुरुआत की. लेकिन इसके दूसरे ही दिन अजमेर में शुरू हुई एक बस में शिकायत आने लगी और इसमें बैठे यात्री परेशान हो गए. इस बस के खराब होने और परेशान यात्रियों का वीडियो वायरल हो रहा है.
बार-बार रुकी बस
नई ई-बस सेवा की शुरुआत के साथ ही तकनीकी खराबी सामने आने लगी. अजमेर और नसीराबाद के लिए शुरू हुई बस रास्ते में बार-बार बंद होती रही. यात्रियों के अनुसार, सफर के दौरान बस करीब 4 से 5 बार रुक गई, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. यात्रियों का कहना है कि यदि बस लगातार रास्ते में रुकती रहेगी तो समय पर गंतव्य तक पहुंचना मुश्किल होगा. कुछ यात्रियों ने सवाल उठाया कि जब बस तकनीकी समस्या के कारण सुचारू रूप से नहीं चल पा रही है, तो टिकट क्यों लिए जा रहे हैं.
इस वीडियो में दिख रहे एक यात्री ने कहा,"चौथी-पांचवीं बार बस खराब हुई, हर बार ये 10 से 15 मिनट ले रही है ठीक होने में. अगर इस बस का ट्रायल ही करना था तो पैसे नहीं लेने चाहिए थे. लोग अपनी इच्छा से जाते." कई यात्रियों ने इस वीडियो में कहा कि "हमारे टिकट के पैसे वापस करो".
हालांकि यात्रियों ने यह भी कहा कि वह इस पहल का स्वागत करते हैं क्योंकि यह बस प्रदूषण नहीं फैलाती है. लेकिन नई तकनीक से लैस बस में यात्री और ड्राइवर दोनों ही तकनीकी समस्या को लेकर असमंजस में नजर आए.
बस के आधुनिक होने की वजह से चालक को भी अधिक समझ नहीं आया
Photo Credit: NDTV
अजमेर को मिलनी हैंं 100 ई-बस
अजमेर के लिए कुल 100 ई-बसें स्वीकृत हैं, जिनमें पहले चरण में 5 बसों को सड़कों पर उतारा गया है।. 26 सीटर एसी बसों में सीसीटीवी कैमरे, ऑटोमेटिक गेट, इमरजेंसी बटन, पैसेंजर काउंटिंग सेंसर, फायर सेफ्टी सिस्टम और दिव्यांगों के लिए व्हीलचेयर लिफ्ट जैसी सुविधाएं दी गई हैं.
शहर और आसपास के क्षेत्रों के लिए पांच प्रमुख रूट भी निर्धारित किए गए हैं. ये रूट हैं - अजमेर से पुष्कर, गांधी भवन से टांटोटी, माकड़वाली से श्रीनगर, वरुण सागर से दौराई तथा नौसर से किशनगढ़.
बसों की चार्जिंग के लिए बस स्टैंड पर चार्जिंग पॉइंट बनाए गए हैं, जबकि नौसर में करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक चार्जिंग डिपो तैयार किया जा रहा है. नगर निगम के अनुसार इसका काम जल्द पूरा होने की उम्मीद है. ई-बसों के संचालन से अजमेर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई दिशा मिलने के साथ पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता भी कम होगी.
ये भी पढ़ें-: अजमेर को 100 पीएम ई-बस मिलने की हुई शुरुआत, पहले चरण में इन 5 रूटों पर चलेंगी AC इलेक्ट्रिक बस