नीट परीक्षा विवाद की जांच अब जयपुर के एसएमएस मेडिकल कॉलेज तक पहुंच गई है. दिनेश बिवाल की भतीजी पलक बिवाल भी शक के घेरे में है. साल 2025 में नीट पास करने के बाद उसका एडमिशन एसएमएस मेडिकल कॉलेज में हुआ था. हालांकि, कॉलेज में सत्र के दौरान पलक का प्रदर्शन कुछ खास अच्छा नहीं रहा है. एडिशनल प्रिंसिपल डॉ. मोनिका जैन ने एनडीटीवी से बातचीत में बताया कि पलक औसत छात्रा हैं. क्लास में उसकी अटेंडेंस रेगुलर थी, लेकिन पेपर लीक मामला उजागर होने के बाद पलक गायब है. अचानक उसका कॉलेज से गायब होना अब सवाल खड़े कर रहा है.
दोस्तों से जानकारी जुटाएगा कॉलेज प्रशासन
मामले में नया मोड़ तब आया जब कॉलेज को जानकारी मिली की पलक पिछले दो दिनों से कॉलेज नहीं आ रही है. मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा, "इस तरह से पलक का गायब होना हैरान करने वाला है. उसके दोस्तों से पलक के बारे में पूछा जाएगा. साथ ही हॉस्टल में रहने वाली लड़कियों से भी जानकारी ली जा रही है."
98.61 परसेंटाइल से पास की थी नीट
नीट-2025 में पलक ने 522 अंक हासिल किए थे और उसका परसेंटाइल 98.61 फीसदी रहा. एससी कैटेगरी से उसे एसएमएस मेडिकल कॉलेज में प्रवेश मिला था. छात्रा की अनुपस्थिति के बाद जांच एजेंसियां अब उससे जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं. उसके शैक्षणिक रिकॉर्ड और नीट स्कोर के बीच बड़े अंतर के चलते भी वह जांच के दायरे में आ सकती है.
दिनेश बिवाल का बेटा भी फरार
पलक ही नहीं दिनेश बिवाल का बेटे ऋषि बिवाल भी फरार है. जांच में सामने आया है कि इस बार पेपर मिलने के बावजूद वह नीट परीक्षा में पास होता नहीं दिख रहा है. अनुमान के मुताबिक, उसके 720 में से सिर्फ 107 नंबर अंक ही मिलते दिख रहे हैं. जांच एजेंसी को ऋषि की भी तलाश है.
7 में से 5 सदस्यों ने पिछले साल पास की परीक्षा
दिनेश, मांगीलाल और उनके बड़े भाई घनश्याम के परिवार के ऐसे 7 सदस्य हैं, जो पिछले दो वर्षों में नीट परीक्षा में शामिल हुए थे. इनमें से पांच सदस्य सफल रहे. साल 2025 में मांगीलाल का बेटा विकास और बेटी प्रगति का चयन हुआ. इसी साल दिनेश की बेटी गुंजन को वाराणसी मेडिकल कॉलेज अलॉट हुआ. वहीं, घनश्याम की बेटी पलक को एसएमएस मेडिकल कॉलेज और दूसरी बेटी सानिया मुंबई के मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई कर रही है.
यह भी पढ़ेंः NEET से पहले एग्जाम का पेपर पहुंचा, परीक्षा में आए 720 में से 107 अंक! CBI को दिनेश बिवाल के बेटे की तलाश














