दौसा जिले में नेशनल हाईवे-21 पर रविवार (5 अप्रैल) को सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई. मेहंदीपुर बालाजी थाना क्षेत्र के खेड़ा पहाड़पुर के पास 3 ट्रेलरों की जोरदार टक्कर हुई. इस दौरान युवक मदद करने पहुंचा था, लेकिन उसकी भी जान चली गई. जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आगे चल रहे एक ट्रेलर का टायर अचानक फट गया. चालक ने ब्रेक लगाया, लेकिन पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा एक ट्रेलर भी उससे भिड़ गया. इस दौरान कई लोग मदद को आगे आए. तभी पीछे से एक और ट्रेलर आ रहा था, बेकाबू होने के बाद वो भी वहां खड़े ट्रेलर में जा घुसा. इसी के चलते वहां मौजूद युवक की मौत हो गई.
तीनों घायल अस्पताल में भर्ती
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची. घायलों को ट्रेलरों के पिचके केबिन से कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया. इसी दौरान घायलों की मदद करने पहुंचे एक युवक की भी हादसे में मौत हो गई. तीन घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.
हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें
हादसे के बाद हाईवे पर भरतपुर की ओर जाने वाली लेन पर करीब ढाई घंटे तक भारी जाम लगा रहा. वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
फरार ड्राइवर की तलाश शुरू
पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी है. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. तेज रफ्तार और लापरवाही को लेकर एक बार फिर सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठने लगे हैं.
यह भी पढ़ेंः दिल्ली के इन इलाकों में 2 दिन नहीं आएगा पानी, DJB ने बताया कारण और लोगों को दी यह सलाह














