25 लाख रुपये में खरीदा था JEN एग्जाम का पेपर, जल संसाधन विभाग में मिली पोस्टिंग, एसओजी के हत्थे चढ़ा

जेईएन भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले में हर्षवर्धन कुमार मीणा को गिरफ्तार किया गया था. हर्षवर्धन ने बताया कि उसने अतुल मीणा और कई अन्य अभ्यर्थियों को पेपर बेचा था.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
अतुल मीणा जल संसाधन विभाग में सहायक अभियंता के पद पर कार्यरत है.

राजस्थान पुलिस की एसओजी ने कनिष्ठ अभियंता संयुक्त भर्ती परीक्षा (JEN-2020) पेपर लीक मामले के आरोपी को गिरफ्तार किया. आरोपी अतुल मीणा कोटा में जल संसाधन विभाग में सहायक अभियंता के पद पर कार्यरत है. इस मामले में करीब 7 महीने पहले केस दर्ज हुआ था और जांच के दायरे में कई अन्य आरोपी भी आ चुके हैं. जांच में खुलासा हुआ था कि उसने पेपर माफिया से 25 लाख रुपये में सौदा किया और प्रश्न-पत्र खरीदकर एग्जाम पास किया. अतुल की गिरफ्तारी के बाद नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है.  

दोबारा हुई थी परीक्षा, पहले ही हो गया पेपर लीक

अतिरिक्त महानिदेशक (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया कि कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) संयुक्त भर्ती परीक्षा-2020 से संबंधित प्रकरण सांगानेर थाने में दर्ज किया गया था. यह परीक्षा बाद में निरस्त कर दी गई थी. पूछताछ में सामने आया कि जब 12 सितंबर 2021 को परीक्षा दोबारा हुई तो पेपर पहले ही कई लोगों तक पहुंच गया था. इस संबंध में एसओजी थाने में 19 जनवरी 2026 को प्रकरण संख्या 03/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई.

अतुल के रिश्तेदार की मदद से हुआ था पेपर का सौदा

इससे पहले, हर्षवर्धन कुमार मीणा उर्फ पटवारी को गिरफ्तार किया गया था. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने अतुल मीणा सहित कई अभ्यर्थियों को सॉल्व पेपर उपलब्ध कराया था. हर्षवर्धन ने इसके बदले में 25 लाख रुपये लिए और अतुल मीणा को पेपर दिया. अब तक मिले सबूतों के आधार पर अतुल मीणा को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है. अतुल मीणा ने हर्षवर्धन के एक रिश्तेदार के माध्यम से पेपर का सौदा किया था.

JEN के अलावा सभी एग्जाम में फेल हुआ

अतुल मीणा ने भर्ती परीक्षा के अलावा करीब एक दर्जन अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में भी भाग लिया था, लेकिन किसी अन्य परीक्षा में उसे सफलता नहीं मिली. उससे अन्य अभ्यर्थियों और प्रश्न-पत्र उपलब्ध कराने वाले व्यक्तियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई जा रही है.  

Advertisement

यह भी पढ़ेंः जयपुर की सड़कों पर करणी सेना का बवाल, पुलिस का लाठीचार्ज; महिपाल मकराना का दिल्ली कूच का ऐलान

Featured Video Of The Day
PK की जीत कैसे बनेगी सम्राट-तेजस्वी के लिए चुनौती?

Topics mentioned in this article
Paper Leak
 Crime News
Rajasthan News
Govt Job