जयपुर में बेखौफ गुंडे! ACP निवास के पास टी-पॉइंट पर तोड़फोड़; उबलती चाय का भगोना संचालक पर पलटा

Jaipur Pratap Nagar Crime News: एसीपी विनोद शर्मा के निवास के पास यदुवंशी टी पॉइंट पर काली स्कॉर्पियो से आए बदमाशों ने तोड़फोड़ की है. इस घटना को तीन दिन पहले हुई 50 हजार रुपये की लूट से जोड़कर देखा जा रहा है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
जयपुर में एक कैफे पर तोड़फोड़ का सीसीटीवी वायरल हो रहा है.
NDTV Reporter

Rajasthan News: राजस्थान की राजधानी जयपुर के प्रताप नगर इलाके में बेखौफ बदमाशों ने मंगलवार तड़के जमकर तांडव मचाया. वारदात 'यदुवंशी टी पॉइंट' (कैफे) पर सुबह करीब 4:46 बजे हुई, जहां दो गाड़ियों में सवार होकर आए आधा दर्जन नकाबपोश बदमाशों ने कैफे में भारी तोड़फोड़ की और दुकान संचालक पर जानलेवा हमला किया. इस पूरी घटना ने पुलिसिया गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि यह वारदात जिस जगह हुई, उसके ठीक पास स्थित "The Elegance Apartment" में आरपीएस अधिकारी और एसीपी (ACP) विनोद शर्मा का मूल निवास है. इतने संवेदनशील इलाके में हुई गुंडागर्दी का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है.

गर्म चाय से झुलसी हालत में भी संचालक को बेरहमी से पीटा

सीसीटीवी में साफ देखा जा सकता है कि सुबह जब कैफे संचालक वासुदेव अपनी थड़ी पर चाय बना रहे थे, तभी अचानक एक काली स्कॉर्पियो और एक अन्य गाड़ी में सवार होकर 5 से 6 हमलावर वहां पहुंचे. सभी बदमाशों ने अपने चेहरे ढके हुए थे और हाथों में डंडे व लोहे के पोल ले रखे थे. बदमाशों ने आते ही काउंटर पर डंडे बरसाने शुरू कर दिए. इसी बीच एक हमलावर ने डंडे की चोट से चूल्हे पर रखी उबलती हुई चाय की भगोनी को पलट दिया. खौलती चाय सीधे वासुदेव के ऊपर गिरने से वह गंभीर रूप से झुलस गए. इसके बावजूद बदमाशों ने रहम नहीं खाया और झुलसी हालत में नीचे बैठे वासुदेव को दुकान के अंदर घुसकर बेरहमी से पीटा. बदमाशों ने वहां मौजूद ग्राहकों को भी डरा-धमकाकर भगा दिया.

'पहले पैसे दो, फिर चाय लो' कहने पर विवाद, 3 दिन पहले हुई थी लूट

इस जानलेवा हमले की पटकथा तीन दिन पहले ही लिख दी गई थी. जानकारी के अनुसार, तीन दिन पहले सुबह करीब 5:17 बजे अनुपम चौधरी नामक युवक अपने कुछ दोस्तों और लड़कियों के साथ इसी टी-पॉइंट पर आया था. चश्मदीदों के मुताबिक, वह नशे की हालत में था. जब कैफे संचालक वासुदेव ने उससे कहा कि 'पहले पैसे दो, फिर चाय लो', तो अनुपम बुरी तरह भड़क गया. उसने वासुदेव को दुकान के बाहर खींचकर धक्का दिया और उनकी जेब में रखे करीब ₹50,000 नकद लूट लिए. जाते-जाते अनुपम ने कैफे में भारी तोड़फोड़ करने की खुली धमकी भी दी थी. माना जा रहा है कि आज तड़के हुआ यह हमला उसी विवाद और धमकी का नतीजा है.

हत्या के प्रयास की धाराओं में केस दर्ज करने की मांग, RUHS में भर्ती पीड़ित

गंभीर रूप से झुलसे और चोटिल हुए कैफे संचालक वासुदेव को इलाज के लिए तुरंत प्रताप नगर के आरयूएचएस (RUHS) अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. घटना के सीसीटीवी फुटेज में एक हमलावर का चेहरा साफ दिखाई दे रहा है, जिसके आधार पर पुलिस उसकी पहचान में जुटी है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह हमला पूरी तरह सुनियोजित और जानलेवा था, इसलिए आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज होना चाहिए. इलाके के लोग पुलिस प्रशासन से खौफजदा माहौल को ठीक करने और फरार आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं.

Advertisement

ये भी पढ़ें:- भारत गैस एजेंसी के गोदाम में डिलीवरी ब्वॉय ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग, नजारा देख कांप उठे लोग

Featured Video Of The Day
Video: पूजाघर में नोटों की गड्डियां! महिला कांस्टेबल गिरफ्तार