जैसलमेर में सेना के जवानों के साथ बड़ा हादसा, मेजर की मौत; 2 लेफ्टिनेंट की हालत गंभीर

सेना में मेजर के पद पर कार्यरत हमजा आरिफ की गाड़ी पलटने से दर्दनाक हादसे में जान चली गई, जबकि उनके साथ गाड़ी में सवार 2 लेफ्टिनेंट जवान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
जैसलमेर में सेना के जवानों की गाड़ी पलटी
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • जैसलमेर में नेशनल हाईवे पर सेना की गाड़ी दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई.
  • इस हादसे में इंदौर निवासी मेजर की मौत हो गई, उनकी हाल ही में शादी हुई थी.
  • सेना के अधिकारी TCP-2 से TCP-3 की ओर जा रहे थे, इसी दौरान हादसा हुआ है.

राजस्थान के जैसलमेर में देर रात सेना के तीन अधिकारियों को लेकर जा रही एक एसयूवी सड़क पर अचानक आए ऊंट से टकराकर भीषण हादसे का शिकार हो गई. हादसे में सेना के मेजर हमजा आरिफ की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो लेफ्टिनेंट अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना थईयात आर्मी एरिया के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर वॉर म्यूजियम के निकट देर रात करीब 12:30 बजे हुई.

सेना का टाटा सफारी क्षतिग्रस्त

सदर थाना के सहायक उप-निरीक्षक (ASI) जगदीश दान के अनुसार कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो सड़क पर एक मृत ऊंट पड़ा मिला. वहीं पास में सेना की ब्लैक रंग की टाटा सफारी (GJ 39 CC 1403) बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में सड़क से नीचे मिली. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सेना के अधिकारी TCP-2 से TCP-3 की ओर जा रहे थे. इसी दौरान अचानक एक ऊंट सड़क पर आ गया, जिससे वाहन की जोरदार टक्कर हुई.

सेना के दो जवान गंभीर रूप से घायल

टक्कर के बाद एसयूवी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और पलट गई. हादसे के तुरंत बाद सेना के जवानों और स्थानीय पुलिस की मदद से तीनों अधिकारियों को मिलिट्री अस्पताल पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने मेजर हमजा आरिफ को मृत घोषित कर दिया, जबकि लेफ्टिनेंट अभिनव और लेफ्टिनेंट आयुष्मान का उपचार जारी है. दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है.

मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी है मृतक सेना का जवान

मृतक मेजर हमजा आरिफ मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी थे और सेना में मेजर के पद पर कार्यरत थे. बताया जा रहा है कि तीनों अधिकारी अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद आर्मी स्टेशन लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया. मेजर हमजा आरिफ का हाल ही में विवाह हुआ था, जिससे परिवार और साथियों में शोक की लहर है.

Advertisement

पुलिस को सुबह मिलिट्री अस्पताल से मेजर की मौत की सूचना मिली. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जवाहर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पार्थिव शरीर सेना और परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की जा रही है.

सदर थाना पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर हाईवे पर आवारा पशुओं की समस्या और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Advertisement

यह भी पढे़ं-

घर में घुसे चोर, क‍िचन में बनाया आमलेट, ड्रॉइंग रूम में आराम से खाया फ‍िर गहने और नकदी लेकर चले गए 

जोधपुर में दिल दहला देने वाली घटना: मां की मौत, एक बेटे की जान गई, जिंदगी की जंग लड़ रहा दूसरा बेटा

Featured Video Of The Day
नीट पेपर लीक केस : CBI की चार्जशीट में कौन-कौन से खुलासे हुए?

Topics mentioned in this article
Rajasthan Accident
Jaisalmer News
Army Vehicle Accident
Rajasthan Accident News
Jaisalmer Accident