राजस्थान के डीग में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पहाड़ी क्षेत्र के स्थानीय लोगों जंगल की ओर गए तो सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा दिखा. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. मृतक की पहचान जम्मू-कश्मीर के कठुआ निवासी अब्दुल्ला खान के रूप में हुई है. मृतक अब्दुल्ला पिछले कुछ समय से इस क्षेत्र में रह रहा था. पुलिस ने शव को पहाड़ी सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया और परिजनों को सूचना दी. अब्दुल्ला के भाई नजीर अहमद ने एक पुराने विवाद की आशंका जाहिर की है. थाने में दर्ज शिकायत के मुताबिक, अब्दुल्ला खान के छोटे बेटे हयात खान का दहाना गांव की एक युवती से प्रेम-प्रसंग था और शादी कर ली थी. इस घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया था. हालांकि, सामाजिक पंचायत में विवाद को सुलझा लिया गया था. परिजनों का आरोप है कि लड़की के परिजन ने इस रंजिश को खत्म नहीं किया और हत्या की साजिश रची.
आरोपियों ने खाना खाया, फिर साथ चलने को कहा
1 मई की रात करीब 9 बजे दहाना गांव के कुछ लोग दो गाड़ियों में पहाड़ी क्षेत्र पहुंचे. उन्होंने अब्दुल्ला खान और उनके भतीजे सहित तीन लोगों को अपने साथ चलने के लिए कहा. बताया जा रहा है कि सभी ने साथ बैठकर खाना भी खाया, जिससे किसी को कोई शक नहीं हुआ. इसके बाद तीनों को दहाना ले जाया गया, जहां उन्हें समी खान के घर ठहराया गया. देर रात अचानक कुछ लोग कमरे में घुसे और अब्दुल्ला खान को जबरन उठाकर गाड़ी में डालकर ले गए, जबकि अन्य लोगों को वहीं छोड़ दिया गया.
भाई को बताया- इलाज के लिए ले गए हैं
अब्दुल्ला के भाई नजीर अहमद को इस घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने समी खान से पूछताछ की. जवाब में बताया गया कि अब्दुल्ला खान के पेट में दर्द हो गया था, इसलिए उन्हें इलाज के लिए ले जाया गया है. इस जवाब से परिजनों को संदेह हुआ, लेकिन उस समय कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी.
और अगली सुबह मिली लाश
अगली सुबह जो खबर आई, उसने पूरे परिवार को झकझोर दिया. सूचना मिली कि अब्दुल्ला खान का शव सड़क किनारे पड़ा मिला है. परिजनों का आरोप है कि उनकी गला रेतकर हत्या की गई और शव को जंगल में फेंक दिया गया. पहाड़ी थाना के सीआई योगेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के भाई की रिपोर्ट के आधार पर 5 लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया है. जबकि कुछ अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपी बताया गया है.
यह भी पढ़ेंः "वो तड़प रही है, कोई तो देख लो", एंबुलेंसकर्मी लगाता रहा गुहार, महिला ने हॉस्पिटल में तोड़ दिया दम














