Ferozpur Road Accident: पंजाब के फिरोजपुर जिले में शनिवार सुबह एक पिकअप वाहन और ट्रक में जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई है. इसके अलावा 10 से ज्यादा घायल हुए हैं. इन्हें स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने फिरोजपुर के ही सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है. घायलों में कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. अस्पताल में परिजन पहुंच गए हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस ने बताया कि पिकअप में सवार लोग अंतिम संस्कार से लौट रहे थे. स्थानीय पुलिस के साथ एसएसपी मौके पर पहुंचे है और हादसे के कारणों की जांच कर रही है. गंभीर रूप से घायल लोगों को फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है. यह हादसा फिरोजपुर-फाजिल्का रोड पर जंगावाला मोड़ के पास हुआ है.
अंतिम संस्कार के बाद लौट रहे थे लोग
जानकारी के अनुसार, जलालाबाद से महिंद्रा पिकअप पर सवार होकर एक परिवार और उसके रिश्तेदार करीब 25 से 28 लोग बुजुर्ग महिला के अंतिम संस्कार के बाद फूल तारने के लिए अमृतसर जा रहे थे. तभी जंगावाला मोड़ के पास हुसैनशाह वाला गांव के पास ट्रक से टक्कर हो गई.
इस हादसे में 9 लोगों की जान गई है. दोनों वाहनों के बीच टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, जो रोड किनारे पड़ी हुई है.
लगातार होते रहते हैं हादसे
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रोड पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, जिनमें लोगों ने जान गंवाई है. लगातार हादसों की वजह से लोग सड़क को चौड़ा करने की मांग कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें- दफ्तर में घुसा और एक्स गर्लफ्रेंड को चाकू से गोद डाला, खुद का भी गला रेता, मोहाली का खौफनाक वीडियो