- लुधियाना के जोधा गांव में स्थित माचिस बनाने वाली फैक्टरी में भीषण धमाके के कारण इमारत गिर गई थी
- धमाके में 18 वर्षीय युवक की मौत हुई और फैक्टरी के अंदर मौजूद 15 लोगों में से चार घायल हुए थे
- आग लगने के बाद फैक्टरी में सिलेंडर फट गया और लैंटर गिरने से एक लड़की को गंभीर चोट आई थी
लुधियाना जिले के रायकोट के पास जोधा गांव में बड़ा हादसा हो गया. जानकारी के अनुसार, सुधार इलाके में स्थित एक फैक्टरी की इमारत तेज धमाके के साथ गिर गई. हादसे के बाद कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई गई. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत‑बचाव कार्य शुरू किया गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फैक्टरी में अचानक भीषण धमाका हुआ, जिससे पूरी इमारत भरभराकर गिर गई और इलाके में अफरा‑तफरी मच गई.
तेज धमाके से इलाके में दहशत, एक की मौत और कई घायल
धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर‑दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग भी दहशत में आ गए. बताया जा रहा है कि इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए लुधियाना के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई. घटना के समय फैक्टरी के अंदर कुल 15 लोग मौजूद थे, जिनमें से चार लोग घायल हो गए. मृतक के पिता ने बताया कि यह माचिस बनाने की फैक्टरी है, जहां अचानक आग लग गई.
माचिस फैक्टरी में आग लगने से सिलेंडर फटा, लैंटर गिरा
आग लगने के बाद फैक्टरी में मौजूद सिलेंडर को भी आग लग गई, जिससे जोरदार धमाका हुआ. मृतक के पिता जुमेल ने बताया कि वह खुद भी इसी फैक्टरी में काम करते थे. पिता के अनुसार, पटाखा बनाने वाली माचिस में काम के दौरान अचानक तेज हवा चली, जिसके बाद बिजली चली गई. ऐसे में यह साफ नहीं हो पाया है कि हादसा शॉर्ट सर्किट की वजह से हुआ या किसी अन्य कारण से. धमाके के दौरान फैक्टरी का लैंटर गिर गया, जिसमें 16 वर्षीय लड़की के सिर में गंभीर चोट आई है.
हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत, फैक्टरी मालिक मौके से गायब
जुमेल के 18 वर्षीय बेटे मोहम्मद की मौत हो गई. उन्होंने बताया कि वे पहली बार काम के सिलसिले में लुधियाना आए थे और घटना के समय फैक्टरी मालिक मौके पर मौजूद नहीं था. फायर अफसर रजिंदर ने बताया कि रात करीब 8:20 बजे सूचना मिली थी कि जोधां सरकारी स्कूल के पास एक बिल्डिंग में ब्लास्ट हो गया है और इमारत गिर गई है. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. उन्होंने बताया कि मुल्लापुर से भी फायर टीम को बुलाया गया था. जब टीमें मौके पर पहुंचीं, तब तक गांव के लोग खुद रेस्क्यू कार्य में जुटे हुए थे.
फायर ब्रिगेड का रेस्क्यू ऑपरेशन, गांव वालों ने भी मदद की
फायर अफसर के अनुसार, ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को मलबे के नीचे से बाहर निकाल लिया था, जिसे तुरंत लुधियाना के सिविल अस्पताल भेज दिया गया. एक महिला के सिर में चोट आई है, जबकि एक अन्य व्यक्ति को गंभीर चोटें लगी हैं. उन्होंने बताया कि फैक्टरी के बेहड़े के अंदर पटाखे बनाए जाते थे और उसी दौरान ब्लास्ट हुआ। इस परिसर में दो‑तीन परिवार भी रहते थे.














