Ludhiana Mayor, Diljit Dosanjh Bomb Threat: पंजाबी सिंगर दिलजीत सिंह दोसांझ (Diljit Dosanjh) और लुधियाना की मेयर प्रिंसिपल इंद्रजीत कौर (Ludhiana Mayor Inderjit Kaur) के घर को बम से उड़ने की धमकी भरा मेल मिला है. यह मेल सोमवार सुबह लुधियाना नगर निगम कमिश्नर की सरकारी ईमेल आईडी पर आया है. मेल में बताया गया है कि लुधियाना की मेयर प्रिंसिपल इंद्रजीत कौर के घर को दोपहर 1:11 पर बम से उड़ा दिया जाएगा, जबकि रात 9:11 पर दिलजीत दोसांझ के घर पर अटैक होगा. यह मेल खालिस्तान नेशनल आर्मी की तरफ से भेजा गया बताया जा रहा है. मेल के विषय में लिखा गया है, "Bomb Blast-Mayor Office Ludhiana!"
मेल में यह भी लिखा है, "कोई भी मदद दिलजीत दोसांझ करेगा मारिया जाएगा", यानी अगर कोई इस मामले में मदद करेगा तो मेल भेजने वाले लोग उसको भी मार देंगे. इस मेल के बाद जिला प्रशासन ने लुधियाना नगर निगम मेयर प्रिंसिपल इंद्रजीत कौर और दलजीत दोसांझ के घर सहित अन्य सरकारी बिल्डिंगों की सुरक्षा बढ़ा दी है.
मेल में खालिस्तान का जिक्र
मेल भेजने वाले खालिस्तान का जिक्र किया गया है, जिसमें खालिस्तान नेशनल आर्मी के इंजीनियर गुरुनाख सिंह (रूकन शाह वाला) और डॉक्टर गुरनिर्वैर सिंह ( खान राजादा) का नाम लिखा है.
1984 दंगों का जिक्र कर खून का बदला खून बताया
धमकी देने वालों ने खुद को खालिस्तान नेशनल आर्मी (KNA) का सदस्य बताया है. मेल में 1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र करते हुए इसे “खून का बदला खून” बताया गया है. ईमेल में दावा किया गया कि यह कार्रवाई उन सिख परिवारों के लिए की जा रही है, जिन्होंने 1984 की घटनाओं में अपने परिजनों को खोया था.
धमकी मिलने के बाद लुधियाना पुलिस तुरंत अलर्ट मोड पर आ गई. शहर के संवेदनशील इलाकों और प्रमुख सरकारी संस्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी है. पुलिस ने मामले की जांच साइबर सेल को सौंप दी है और ईमेल की तकनीकी पड़ताल शुरू कर दी है, ताकि संदेश भेजने वाले की पहचान की जा सके.
पुलिस ने शुरू की जांच, अफवाह से बचने की भी सलाह
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. साथ ही मेयर और दिलजीत दोसांझ से जुड़े स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है.
ये भी पढ़ें- 12 जून को कंगना रनौत vs दिलजीत दोसांझ बॉक्स ऑफिस क्लैश, इम्तियाज अली बोले- 'हमने पहले अनाउंस किया था














