Champions League Final: PSG बनी चैंपियन, जश्न के दौरान भड़क उठी हिंसा, प्रशंसकों ने शहर में लगा दी आग

Violence Erupts During Celebrations of PSG's Champions League: हंगरी में शाम को जब फाइनल मैच की आखिरी सीटी बजी, तो पेरिस में प्रशंसकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया. इस रोमांचक फाइनल में PSG ने पेनल्टी शूटआउट में आर्सेनल को हराकर जीत हासिल की थी.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
PSG Win Champions League Final: पेनल्टी शूटआउट में आर्सेनल को हराकर बना चैंपियन

Violence Erupts During Celebrations of PSG's Champions League: पेरिस सेंट-जर्मेन (PSG) के दूसरे चैंपियंस लीग खिताब जीतने की खुशी कुछ ही पलों में भारी बवाल और हिंसा में बदल गई. शनिवार देर रात पेरिस में जश्न मना रही भीड़ के बीच कुछ उपद्रवियों ने जमकर उत्पाद मचाया, जिसके बाद पेरिस पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए दर्जनों लोगों को हिरासत में ले लिया. यह हिंसा तब और बढ़ गई जब उपद्रवियों के एक समूह ने फ्रांसीसी राजधानी में स्थित एक पुलिस स्टेशन पर ही धावा बोलने की कोशिश की.

पेनल्टी शूटआउट में आर्सेनल को हराकर पीएसजी बना चैंपियन

हंगरी के बुडापेस्ट में खेले गए इस रोमांचक फाइनल मुकाबले की आखिरी सीटी बजते ही पेरिस के फैंस खुशी से झूम उठे. इस बेहद कड़े और सांसें रोक देने वाले फाइनल मैच में पीएसजी ने पेनल्टी शूटआउट में आर्सेनल को मात देकर चैंपियंस लीग का खिताब अपने नाम किया था. जीत की खबर आते ही पेरिस की सड़कें फैंस से पट गईं. बड़ी संख्या में प्रशंसक आर्क डी ट्रायम्फ के पास की सड़कों पर जुलूस निकालते हुए आगे बढ़ने लगे. लोग हाथों में मशालें जलाकर और कारों के हॉर्न बजाकर अपनी खुशी जाहिर कर रहे थे. देखते ही देखते ऐतिहासिक चैंप्स-एलिसीज पर लगभग 20,000 लोग जमा हो गए, जिन्हें नियंत्रित करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी.

रिंग रोड जाम और स्टेडियम के पास हंगामा

हिंसा के दौरान भीड़ ने पेरिस के चारों ओर बनी मुख्य रिंग रोड को कुछ समय के लिए पूरी तरह जाम कर दिया था, लेकिन बाद में पुलिस ने सूझबूझ से रास्ता साफ कराया. इस हंगामे में एक बेकरी और एक रेस्तरां को भी भारी नुकसान पहुंचा है. इसके अलावा, पुलिस अधिकारियों ने 16वें अरोंडिसमेंट में स्थित पीएसजी स्टेडियम के पास जमा हुए लगभग 1,000 लोगों की भीड़ को संभाला और साइकिलों से बनाए गए बैरिकेड्स को हटाकर स्थिति पर काबू पाया.

Advertisement

दुकानों में तोड़फोड़, कारों में लगाई आग 

पेरिस पुलिस प्रशासन के मुताबिक, जीत के इस जश्न के बीच छोटे-छोटे समूहों ने अलग-अलग इलाकों में अशांति फैलाना शुरू कर दिया. कुछ हुड़दंगियों ने दुकानों में तोड़फोड़ की और सरेआम आगजनी की घटना को अंजाम दिया. सड़क पर खड़ी कई कारों को भी आग के हवाले कर दिया गया. इस हिंसा को शांत कराने के प्रयास में एक पुलिस अधिकारी भी घायल हो गया.

Advertisement

हैरान करने वाली बात यह रही कि शहर के पॉश इलाके (8वें अरोंडिसमेंट) में स्थित एक पुलिस स्टेशन पर भी उपद्रवियों के एक समूह ने जबरन घुसने की कोशिश की, जिन्हें पुलिस ने बल प्रयोग कर तितर-बितर किया. पुलिस ने बताया कि रात 10 बजे तक ही उपद्रव करने वाले 45 लोगों को हिरासत में ले लिया गया था.

पिछले साल भी हुआ था बड़ा बवाल

यह पहली बार नहीं है जब पीएसजी की जीत के बाद पेरिस सुलग उठा हो. पिछले साल मई में जब इस टीम ने अपना पहला चैंपियंस लीग खिताब जीता था, तब भी बड़े पैमाने पर हिंसा हुई थी. उस दौरान पूरे फ्रांस में 201 लोग घायल हुए थे और पुलिस ने 500 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया था. पिछली घटना से सबक लेते हुए इस बार पेरिस में हाई अलर्ट जारी था और पूरे शहर में 8,000 पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया था, जिसके चलते स्थिति को जल्द ही नियंत्रण में ले लिया गया.

Featured Video Of The Day
Ghaziabad Surya Murder Case: सूर्या मर्डर केस का आरोपी असद एनकाउंटर में ढेर | Breaking News
Topics mentioned in this article