- लक्ष्य सेन ने रासमस गेम्के को हराया
- जीत के साथ क्वार्टर फाइनल में पहुंचे लक्ष्य सेन
- क्वार्टर फाइनल में चोउ टिएन चेन से भिड़ेंगे
वर्ल्ड चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता लक्ष्य सेन (Lakshya Sen) ने गुरुवार को जकार्ता में डेनमार्क के रासमस गेम्के के खिलाफ सीधे गेम में जीत के साथ इंडोनेशिया मास्टर्स (Indonesia Masters) सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई. बैंकॉक में थॉमस कप (Thomas Cup) में ऐतिहासिक खिताबी जीत के दौरान भारतीय टीम का हिस्सा रहे अल्मोड़ा के 20 साल के लक्ष्य ने दुनिया के 13वें नंबर के खिलाड़ी गेम्के को 54 मिनट में 21-18, 21-15 से हराया. इंडोनेशिया मास्टर्स 3,60,000 डॉलर इनामी बैडमिंटन टूर्नामेंट है.
यह भी पढ़ें : Asian Cup Qualifiers: सुनील छेत्री के दो गोल से भारत ने टूर्नामेंट में की विजयी शुरुआत, कंबोडिया को 2-0 से हराया
सातवें वरीय सेन अगले दौर में चीनी ताइपे के तीसरे वरीय चोउ टिएन चेन से भिड़ेंगे, जिन्होंने पिछले महीने थॉमस कप में दोनों खिलाड़ियों के बीच अब तक हुए एकमात्र मुकाबले में भारतीय खिलाड़ी के खिलाफ तीन गेम में जीत दर्ज की थी.
अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में पहली बार गेम्के के खिलाफ खेल रहे दुनिया के नौवें नंबर के खिलाड़ी लक्ष्य ने अधिक धैर्य दिखाया और अपनी गलतियों पर अंकुश लगाते हुए जीत दर्ज की.
सेन पहले गेम में शुरुआत में 0-3 से पिछड़ गए लेकिन वापसी करते हुए 9-6 की बढ़त बनाने में सफल रहे. हालांकि गेम्के ब्रेक तक 11-10 के मामूली अंतर से आगे थे. भारतीय खिलाड़ी ने ब्रेक के बाद लगातार छह अंक के साथ 16-12 की बढ़त बनाई और फिर आसानी से पहला गेम जीत लिया.
यह भी पढ़ें : SAI ने साइकिलिंग कोच का अनुबंध किया रद्द , स्लोवेनिया से टीम वापस बुलाई
दूसरे गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच मुकाबला अधिक करीबी रहा. अधिकांश समय कभी लक्ष्य को कभी गेम्के बढ़त बनाते रहे. हालांकि लक्ष्य ने 13-12 के स्कोर पर लगातार चार अंक जीते और फिर गेम और मुकाबला अपने नाम किया.
इनके अलावा, भारत की स्टार शटलर पीवी सिंघु को क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के लिए इंडोनेशिया की जीएम तुंजुंग को हराना होगा. सिंघु का मुकाबला भी गुरुवार को ही खेला जाएगा.
हमारे स्पोर्ट्स यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें














