- पीएम मोदी के सिक्किम दौरे की शुरुआत गंगटोक में भव्य मेगा रोड शो से हुई, जो सांस्कृतिक उत्सव का प्रतीक बना
- मोदी ने 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने का कार्यक्रम रखा है
- इस रोड शो में मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग, बीजेपी अध्यक्ष डी.आर. थापा समेत अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे
पीएम मोदी के दो दिवसीय सिक्किम दौरे की शुरुआत रविवार को गंगटोक में भव्य मेगा रोड शो के साथ हुई, जिसने पूरे शहर को एक विशाल उत्सव स्थल में तब्दील कर दिया. सिक्किम के राज्य बनने के 50 साल पूरे होने के जश्न के बीच यह रोड शो जनभावनाओं, सांस्कृतिक गौरव और उत्साह का प्रतीक बन गया. पीएम मोदी राज्य के लिए 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. परंपरागत नेपाली टोपी पहने पीएम मोदी मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के साथ खुले वाहन में सवार होकर लिबिंग हेलिपैड से लोक भवन तक करीब 2 किलोमीटर लंबे रोड शो में शामिल हुए.सड़कों के दोनों ओर हजारों लोग सुबह से ही मौजूद थे. हाथों में तिरंगा, नारों की गूंज और तालियों की आवाज़ के बीच पीएम मोदी का जोरदार स्वागत किया गया.
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पीएम का स्वागत
सिक्किम पहुंचने पर पीएम मोदी के स्वागत में कोई कसर नहीं छोड़ी गई, पूरा माहौल उत्साह से भरा रहा. पारंपरिक सिक्किमी नृत्य दलों की प्रस्तुतियां हुई और स्थानीय वाद्य यंत्रों की गूंज सुनाई दी. लोक संस्कृति के रंग ने गंगटोक को सिक्किम की सांस्कृतिक पहचान का जीवंत मंच बना दिया. यह रोड शो सिर्फ राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि सिक्किम की सांस्कृतिक विरासत का सार्वजनिक उत्सव बन गया. इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी के साथ रोड शो में मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग सिक्किम बीजेपी अध्यक्ष डी.आर. थापा मौजूद रहे. वहीं, राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर पहले ही लोक भवन पहुंच चुके थे और उन्होंने प्रधानमंत्री का स्वागत किया. राज्य की भौगोलिक और सामरिक संवेदनशीलता को देखते हुए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे. सिक्किम की सीमाएं चीन से लगती हैं, इसलिए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क रहीं.
ये भी पढ़ें : PM मोदी का सिक्किम दौरा आज, 4,000 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं की देंगे सौगात
50 साल की राज्य स्थापना का समापन समारोह
पीएम मोदी का यह दौरा 1975 में सिक्किम के भारतीय राज्य बनने के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित स्वर्ण जयंती समारोहों के समापन से जुड़ा हुआ है. अधिकारियों के अनुसार, प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान कई हितधारकों से मुलाकात करेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे.
28 अप्रैल को ऑर्किडेरियम और पालजोर स्टेडियम का दौरा
28 अप्रैल को सुबह करीब 9:30 बजे, प्रधानमंत्री मोदी स्वर्णजयंती मैत्री‑मंजरी पार्क स्थित ऑर्किडेरियम का दौरा करेंगे. यह सेंटर सिक्किम की पर्यावरणीय और पुष्प विरासत को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से एक अत्याधुनिक, विश्व‑स्तरीय ऑर्किड अनुभव केंद्र के रूप में विकसित किया गया है. इसके बाद सुबह करीब 10 बजे, प्रधानमंत्री पालजोर स्टेडियम पहुंचेंगे, जहां सिक्किम के 50वें राज्य स्थापना वर्ष का समापन समारोह आयोजित किया जाएगा.
4,000 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण‑शिलान्यास
समारोह के दौरान प्रधानमंत्री मोदी 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे और विशाल जनसभा को संबोधित भी करेंगे.
इन क्षेत्रों में मिलेगा विकास को बढ़ावा
- बुनियादी ढांचा
- कनेक्टिविटी
- स्वास्थ्य
- शिक्षा
- बिजली
- शहरी विकास
- पर्यावरण
- पर्यटन
- कृषि
जैसे अहम क्षेत्रों से जुड़ी हैं. इनका उद्देश्य सिक्किम में समग्र, समावेशी और दीर्घकालिक विकास को गति देना है. स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इन योजनाओं से रोजगार, आजीविका और सार्वजनिक सुविधाओं में ठोस सुधार होगा. मेगा रोड शो से लेकर विकास परियोजनाओं की घोषणाओं तक, प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा उत्सव और उम्मीदों का संगम बन गया है.














