- गुवाहाटी में रविवार रात से सोमवार तक भारी बारिश के कारण जलभराव से कम से कम एक व्यक्ति की मौत हुई है
- असम के कई इलाकों में जलमग्नता के कारण स्कूल-कॉलेज बंद किए गए और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है
- IMD ने गुवाहाटी में अगले दो-तीन दिनों तक बारिश और तेज हवाओं के साथ खराब मौसम का पूर्वानुमान दिया है
Assam Weather Update Guwahati Flood News: प्रभु तेरी कैसी माया, कहीं तेज धूप तो कहीं बाढ़ का काला साया... पूरा उत्तर भारत जहां आसमान से बरस रही आग में झुलस रहा है तो वहीं दूसरी ओर असम है, जहां बारिश मानो काल बनकर आई है. रविवार रात से सोमवार तक हुई बारिश ने गुवाहाटी को जलमग्न कर दिया है.यही हाल असम के कई इलाकों का है. स्कूल-कॉलेज बंद हैं तो सड़कों पर भरा घुटने भर का पानी लोगों को कहीं निकलने नहीं दे रहा है. असम में मौसम विभाग ने अगले 2-3 दिन तक राहत की कोई उम्मीद नहीं जताई है. इसके उलट प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.
गुवाहाटी में बाढ़ ने क्या हाल कर दिया
गुवाहाटी में मूसलाधार बारिश के कारण आई भीषण बाढ़ से कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया. सड़कें जलमग्न हो गईं, घरों में पानी घुस गया और पूरे शहर में यातायात ठप हो चुका है. भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने बताया कि खानापारा में 215.9 मिमी बारिश दर्ज की गई और अगले 24 घंटों में आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहने तथा बीच-बीच में बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है.
चिड़ियाघर रोड, आरजी बरुआ रोड, जीएस रोड, नबीन नगर, अनिल नगर, हाटीगांव, गणेशगुरी, बरमोटोरिया, बोरागांव, सरुमोटोरिया, नरेंगी, सावकुची, सतगांव, सिजुबारी, जुरीपार, गीता नगर, मालीगांव, हिदायतपुर, गुवाहाटी क्लब, उलुबारी, लाचित नगर, चांदमारी, पंजाबारी, जोराबत, तरुण नगर, जटिया, ज्योतिकुची, घोरामारा, वीआईपी रोड, राजगढ़ रोड, रुक्मिणीगांव और छतरीबारी सहित कई इलाकों में बाढ़ की सूचना मिली है.
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे मुख्यालय के पास मालीगांव चारियाली में एक महिला नाले में गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई. एएसडीएमए ने आगे बताया कि मृत महिला की पहचान पायल नाथ के रूप में हुई है, जिसका शव पुलिस ने अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं (एफएंडईएस) की मदद से बरामद किया गया है.
स्कूल बंद, फंसे लोगों को निकाला जा चुका
इसमें आगे कहा गया, ‘‘अब तक प्रभावित क्षेत्रों से लगभग 50 लोगों को निकाला जा चुका है.कामरूप महानगर डीडीएमए ने सूचित किया है कि जलस्तर घट रहा है और पानी निकालने के लिए विभिन्न स्थानों पर पंप का इस्तेमाल किया गया है.''कार्यदिवस होने के कारण लगभग सभी सड़कों पर भारी यातायात जाम की सूचना मिली, जलभराव के कारण वाहन फंसे रहे. एम्बुलेंस घंटों तक फंसी रहीं, जिससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.कई इलाकों में बिजली कटौती भी हुई.आईएमडी ने अगले सात दिनों तक गुवाहाटी में लगातार खराब मौसम का पूर्वानुमान लगाया है, जिसमें गरज के साथ बारिश होने की संभावना है.
असम में अगले तीन दिन राहत नहीं
आईएमडी के मुताबिक,असम के अधिकांश इलाकों में मध्यम बारिश होने की संभावना है,जबकि कुछ जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.इसके साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आंधी-तूफान की भी आशंका जताई गई है.असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण शहरी बाढ़,यातायात बाधित होने और भूस्खलन की घटनाएं हो सकती हैं.
यह भी पढ़ें- गुवाहाटी में झमाझम बारिश, कई निचले इलाके डूबे; आंधी तूफान की भविष्यवाणी













