- मुंबई के A वार्ड में महिला टॉयलेट के अंदर बर्गर, चिकन रोल और सैंडविच बेचने वाला फूड बिजनेस चल रहा था
- यह फूड बिजनेस फोर्ट के फैशन स्ट्रीट के पास स्थित पिंक टॉयलेट की मोबाइल सुविधा में अवैध रूप से संचालित था
- टॉयलेट के पिछले हिस्से में चल रहे कैफे से साफ-सफाई और स्वास्थ्य को लेकर गंभीर चिंताएं उत्पन्न हुईं
क्या किसी टॉयलेट के अंदर से फूड बिजनेस चलाया जा सकता है? सुनने में यह अजीब लग सकता है लेकिन ऐसा और कहीं नहीं, बल्कि मुंबई में हुआ है. वही मुंबई, जो देश की आर्थिक राजधानी है और जहां कई लोगों के सपने पूरे होते हैं तो कइयों के ख्वाब अधूरे रह जाते हैं. टॉयलेट के अंदर फूड बिजनेस चलाने का मामला सामने आने के बाद विवाद हो गया है. हैरान करने वाली बात यह है कि यह फूड बिजनेस महिला टॉयलेट से चल रहा था.
मामला मुंबई के A वार्ड इलाके का है, जहां महिलाओं के लिए बने एक मोबाइल टॉयलेट के अंदर से बर्गर, चिकन रोल और सैंडविच बेचने का एक फूड बिजनेस चलाया जा रहा था.
यह घटना फोर्ट स्थित 'फैशन स्ट्रीट' के पास की है, जहां महिलाओं के लिए बनी सुविधाओं, जिन्हें "पिंक टॉयलेट" के नाम से जाना जाता है, का कथित तौर पर गलत इस्तेमाल किया जा रहा था. एक टॉयलेट बस के पिछले हिस्से से एक कैफे चलाया जा रहा था, जिसे चलाने की अनुमति भी नहीं थी. टॉयलेट से कैफे चलाने से साफ-सफाई और लोगों के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर चिंताएं खड़ी हो गई हैं.
यह भी पढ़ेंः मुंबई के जैन मंदिर से 1.75 करोड़ के गहने की चोरी, आरोपी MP से गिरफ्तार, नेपाल भागने की थी पूरी तैयारी
बताया जा रहा है कि टॉयलेट के अंदर लगभग एक साल तक कैफे चलता रहा है. टॉयलेट तो बंद हो गया था लेकिन इसके अंदर से अवैध फूड स्टॉल एक साल से चल रहा था.
मामला सामने आने के बाद कार्रवाई करते हुए मुंबई नगर निगम (BMC) ने इस कैफे को बंद करवा दिया है. इस घटना ने साफ-सफाई से जुड़ी पहलों के सही ढंग से लागू होने और सार्वजनिक सुविधाओं के गलत इस्तेमाल को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
यह भी पढ़ेंः ₹600 के विवाद ने लिया खौफनाक रूप: मुंबई में मजदूरों के दो गुटों के बीच तेजाब हमला, 6 घायल














